दिल्ली: मकान तोड़ते समय अचानक भरभराकर गिरी दो मंजिला इमारत, मलबे में दबकर टेंपो चालक की मौत; दो मजदूर घायल
दिल्ली के स्वरूप नगर में एक पुरानी दो मंजिला इमारत को तोड़ने के दौरान वह अचानक ढह गई। इस हादसे में एक व्यक्ति संजय की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर रोहित औ ...और पढ़ें

हादसे के बाद मौके पर राहत बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया।
HighLights
स्वरूप नगर में पुरानी दो मंजिला इमारत ढह गई।
हादसे में संजय नामक युवक की मौके पर मौत।
दो मजदूर रोहित और महेंद्र मलबे में दबकर घायल।
राजीव रंजन, बाहरी दिल्ली। स्वरूप नगर थाना क्षेत्र स्थित ए-ब्लाक में शनिवार की दोपहर पुराने दो मंजिला मकान को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निचले हिस्से को तोड़ते समय जर्जर मकान भरभराकर ढह गया, जिसकी चपेट में आने से मलबा उठाने आए टेंपो चालक संजय कुमार की मौत हो गई। मकान तोड़ रहे दो श्रमिक रोहित और महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सुरक्षा मानकों में लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ए-ब्लाक की गली नंबर चार स्थित करीब 50 गज के पुराने मकान को स्थानीय निवासी जयप्रकाश नए बनाने के लिए तुड़वा रहे थे। शुक्रवार को मशीन की मदद से मकान की ऊपरी मंजिल को तोड़ा गया था, जबकि शनिवार को निचले हिस्से को हटाने का काम चल रहा था। दोपहर में लंच के समय कुछ श्रमिक बाहर बैठकर खाना खा रहे थे, लेकिन रोहित व महेंद्र मकान के भीतर सीढ़ी और अन्य हिस्सा तोड़ने में लगे थे।
इसी बीच मलबा लादने के लिए टेंपो चालक संजय कुमार भी वहां मौजूद था। करीब तीन बजे अचानक मकान ढह गया। वहां अफरातफरी मच गई। लोगों ने पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। स्वरूप नगर थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दमकलकर्मियों ने दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला और तुरंत बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। घायल रोहित व महेंद्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक संजय मूल रूप से उन्नाव का रहने वाला था, जबकि घायल श्रमिक रोहित और महेंद्र भलस्वा के निवासी हैं।
प्रत्यक्षदर्शी सन्नी ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब दो श्रमिक सीढ़ी तोड़ रहे थे। अचानक मकान गिरते ही चारों तरफ धूल का गुबार छा गया। श्रमिक शत्रुघ्न ने बताया कि हादसे के वक्त तीन लोग मलबे की चपेट में आ गए थे, जबकि दो बाल-बाल बच गए। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में निर्माण व तोड़फोड़ के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की बात सामने आई है। जांच कर रही है कि जर्जर इमारत को ढहाने के लिए संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि हाल में हुई वर्षा के कारण सीलन से मकान अधिक कमजोर तो नहीं हो गया था। पुलिस ने मकान मालिक से ठेकेदार और निर्माण कार्य से जुड़े विवरण मांगे हैं।