अब छात्रों की करियर अपेक्षाओं को समझेगा डीयू, शुरू किया प्लेसमेंट जागरूकता सर्वे
दिल्ली विश्वविद्यालय ने छात्रों की करियर पसंद और प्लेसमेंट अपेक्षाओं को समझने के लिए एक जागरूकता सर्वे शुरू किया है। सेंट्रल प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोज ...और पढ़ें

छात्रों की करियर अपेक्षाओं को समझेगा डीयू। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) अब छात्रों की करियर की पसंद, अपेक्षाओं और प्लेसमेंट से जुड़ी जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
इसी उद्देश्य से डीयू के सेंट्रल प्लेसमेंट सेल (सीपीसी) ने छात्रों के लिए एक प्लेसमेंट जागरूकता सर्वे शुरू किया है। विश्वविद्यालय का मानना है कि इस सर्वे से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर प्लेसमेंट से जुड़े प्रयासों को अधिक प्रभावी, योजनाबद्ध और छात्र-केंद्रित बनाया जा सकेगा।
डीयू में सेंट्रल प्लेसमेंट सेल की ओर से केंद्रीयकृत तरीके से प्लेसमेंट सत्र आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विभिन्न कंपनियां अपनी आवश्यकताओं के अनुसार कैंपस में आकर छात्रों को आब आफर देती हैं।
ऐसे में प्लेसमेंट प्रक्रिया को पहले से बेहतर बनाने और इसे छात्रों के हित में और अधिक उपयोगी बनाने के लिए यह सर्वे एक अहम पहल मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली HC ने महिपालपुर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने की याचिका ठुकराई, बताया सरकार-DMRC का नीतिगत निर्णय
कई तरह से सहायक होगा सर्वे
सर्वे के माध्यम से प्राप्त प्रतिक्रियाएं प्लेसमेंट से जुड़ी कम्युनिकेशन की कमियों को पहचानने, विभागों और रिक्रूटर्स के बीच समन्वय को मजबूत करने तथा भविष्य के अवसरों को छात्रों की अपेक्षाओं और इंडस्ट्री की जरूरतों के साथ बेहतर तरीके से जोड़ने में सहायक होंगी।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इस सर्वे में भाग लेना पूरी तरह से छात्रों की मर्जी पर निर्भर है। डीयू ने यह भी भरोसा दिलाया है कि छात्रों द्वारा दिए गए सभी जवाब पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे।
इनका विश्लेषण केवल मूल्यांकन और योजना निर्माण के उद्देश्य से सामूहिक रूप से किया जाएगा। विश्वविद्यालय का मानना है कि छात्रों से मिले इनपुट पूरे डीयू में प्लेसमेंट फ्रेमवर्क और सपोर्ट सिस्टम को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
यह भी पढ़ें- सावधान हो जाएं दिल्ली के पेरेंट्स! 11 साल में राजधानी के 5,559 बच्चे हुए लापता, 695 का अब तक सुराग नहीं