दिल्ली में पड़ोसियों के झगड़े में बीच-बचाव करना बना जानलेवा, अधेड़ की चाकू मारकर हत्या
बाहरी दिल्ली में पड़ोसियों के झगड़े में बीच-बचाव करने पर एक अधेड़ व्यक्ति नरेश पाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार को गिरफ्ता ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दो पड़ोसियों के झगड़े में बीच-बचाव करना एक अधेड़ व्यक्ति को भारी पड़ गया, उसे इसकी कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। महिला के साथ झगड़ा कर रहे युवक को समझाना चाहा तो उसने अधेड़ व्यक्ति नरेश पाल की छाती में चाकू घोंप दिया।
इलाज के दौरान नरेश पाल की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मूल रूप से अलीगढ़ शहर का रहने वाला आरोपित झगडालू प्रवृत्ति नशे का आदी है।
यह घटना प्रेमनगर-तीन के गौरी शंकर इन्क्लेव में बृहस्पतिवार रात करीब सवा 11 बजे की बताई जा रही है। रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने बताया कि घटना के संबंध काल को पुलिस स्टेशन नांगलोई से ट्रांसफर किया गया था।
हथियार की बरामदगी की तलाश जारी
पुलिस मौके पर पहुंची तो घायल को उसके स्वजन नांगलोई के सोनिया अस्पताल ले जा चुके थे। घायल की पहचान नरेश पाल (51) निवासी गौरी शंकर इन्क्लेव के रूप में हुई। रात 11:55 बजे उसे मृत हुआ घोषित कर दिया गया।
जिला पुलिस उपायुक्त के अनुसार, अपने घर के बाहर बर्तन धो रही महिला के साथ किसी बात काे लेकर आरोपित राजेश कुमार उर्फ राकेश कुमार की कहासुनी हो गई थी।
पूछताछ में सामने आया कि कहासुनी सुनकर नरेश पाल और उसके परिवार के लोग बाहर आए और मामला शांत करने की कोशिश में बीच-बचाव किया। बीच-बचाव के दौरान आरोपित ने एक चाकू या किसी धारदार हथियार निकाला और नरेश पाल की छाती पर वार किया।
खबरें और भी
घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से भाग गया। उन्होंने बताया कि आरोपित राजेश कुमार उर्फ राकेश कुमार गिरफ्तार कर लिया गया। अपराध में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
आरोपी को शराब पीने की आदत थी
आरोपित गौरी शंकर इन्क्लेव में रह रहा है और मूल रूप से अलीगढ़ शहर का रहने वाला है। आरोपित अविवाहित है और स्वर्ण पार्क, मुंडका, दिल्ली में मजदूरी करता है। घरेलू और पारिवारिक झगड़ों की वजह से वह परिवार से अलग रह रहा था।
आरोपित को शराब पीने की आदत बताई जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराध में प्रयुक्त हथियार को बरामद करने और अपराध के पीछे के सही हालात व मकसद का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।