भारत से शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान का तगड़ा कमबैक, हांगकांग को 72 रनों से रौंदकर सेमीफाइनल में मारी एंट्री
भारत से शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान महिला टीम ने हांगकांग को 72 रनों से हराकर महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के खिलाफ 55 रनों पर सिमटने के बाद हांकांग, चीन के खिलाफ महिला एशिया कप 2026 में पाकिस्तान ने जबरदस्त वापसी की है। दुबई में खेले गए मुकाबले में नशरा संधू के 6 विकेटों की मदद से मैच में जीत हासिल की। हांगकांग के खिलाफ जीत के साथ ही पाकिस्तानी टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। इसके साथ ही अब भारत के साथ फाइनल की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
पाकिस्तान के लिए भारत के खिलाफ मुकाबला किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा था क्योंकि उन्होंने अपने टी20 इतिहास का सबसे छोटा स्कोर बनाया। इसके बाद अब हांगकांग को परास्त कर उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में उनका सामना श्रीलंका से होगा, जो बी ग्रुप की टॉपर है। ऐसे में फाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को श्रीलंका की कठिन चुनौती को पार करना होगा।
पाकिस्तान ने बनाया सम्मानजनक स्कोर
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। हालांकि, उनके बल्लेबाज एक बार फिर उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। पाकिस्तान को पहला झटका 23 रनों के स्कोर पर लगा। इसके बाद 33 रनों पर दूसरा विकेट गंवाया। दो विकेट गंवाने के बाद शवाल जुल्फिकार और आयशा जफर ने मोर्चा संभाला। शवाल ने 47, जबकि आयशा ने 26 रनों की पारी खेली।
फातिमा अंत तक नाबाद रहीं और 24 गेंदों पर 24 रन बनाए। वे अंत के ओवरों में बड़े शॉट्स नहीं खेल सकी लेकिन अपनी टीम को 143 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हांगकांग के लिए जॉयलीन कौर सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 4 ओवर में 19 खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए।
नशरा संधू ने गेंद से किया कमाल
पाकिस्तान के लिए नशरा संधू ने कमाल की गेंदबाजी की और 6 विकेट हासिल किए। उन्होंने अपने स्पेल के दौरान मात्र 7 रन खर्च किए। उनके आगे हांगकांग के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए।
पाकिस्तान महिला टीम ने बनाई सेमीफाइनल में जगह
हांगकांग के खिलाफ जीत के साथ ही पाक टीम ने महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पाकिस्तान ने हांगकांग महिला टीम को 72 रनों से हराया। संधू के अलावा पाकिस्तान के लिए फातिमा सना, सादिया इकाबल, उम्म-ए-हानी और आयशा जफर को एक-एक विकेट मिला। पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है, जहां उनका सामना श्रीलंका महिला टीम से होगा। अगर पाकिस्तान और भारत सेमीफाइनल मुकाबला जीतते हैं, तो फाइनल में दोनों के बीच टक्कर देखने को मिल सकती है।
