अभिषेक शर्मा ने पहले गेंद से दिखाया जादू, फिर बल्ले से मचाई तबाही; तूफानी बैटिंग के बावजूद शुभमन गिल नहीं दिला सके टीम को जीत
अभिषेक शर्मा ने शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में बल्ले और गेंद से तबाही मचाई। उन्होंने हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए शुभमन गिल ...और पढ़ें

अभिषेक शर्मा-शुभमन गिल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कप्तान अभिषेक शर्मा के हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर अमृतसर सूरमास ने फाजिल्का फाल्कन्स को मुकाबला हरा दिया है। शेर-ए-पंजाब लीग 2026 का 17वां मैच अमृतसर सूरमास और फाजिल्का फाल्कन्स के बीच मोहाली में खेला गया। मैच में अभिषेक ने पहले गेंद के साथ अपना जादू दिखाया और फिर बल्ले से तबाही मचाई। उन्होंने शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम फाजिल्का फाल्कन्स को शिकस्त थमा दी।
कप्तान गिल के अर्धशतक के दम पर फाल्कान्स ने पहले बैटिंग करते हुए 191 रनों का स्कोर खड़ा किया था। हालांकि, अभिषेक की तीफानी बल्लेबाजी के सामने ये स्कोर बौना साबित हुआ और अमृतसर की टीम ने मैच को 4 विकेट से अपने नाम कर लिया। अभिषेक की टीम की ये सीजन की दूसरी जीत आई है। पहली जीत भी इसी टीम के खिलाफ आई थी।
शुभमन गिल की कप्तानी पारी
अमृतसर सूरमास के खिलाफ खेलते हुए फाजिल्का फाल्कन्स के कप्तान शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया और अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। गिल ने 35 गेंदों पर तबाही मचाते हुए 67 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले। गिल के अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सका।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने के लिए उतरी फाजिल्का फाल्कन्स की टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाए। फाजिल्का की शुरुआत मुकाबले में अच्छी नहीं रही और उन्होंने 20 रनों के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान गिल और प्रांशु प्रताप ने मोर्चा संभाला। प्रांशु 40 रन बनाकर आउट हो गए। उनके अलाना सनवीर सिंह (40) और ईश राव (23) ने भी अहम योगदान दिया।
अभिषेक शर्मा ने गेंद के साथ किया कमाल
अमृतसर सूरमास के कप्तान अभिषेक शर्मा ने गेंद के साथ कमाल किया। उन्होंने अपनी फिरकी का जादू दिखाते हुए दो बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। उन्होंने विपक्षी टीम के कप्तान गिल को भी अपना शिकार बनाया। उनके अलावा अंशुल चौधरी को भी आउट किया।
गेंद के बाद बल्ले से अभिषेक ने मचाया कोहराम
फाजिल्का के 192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमृतसर की टीम ने तूफानी शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज सहज धवन और अभिषेक शर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी हुई। अभिषेक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और 15 गेंदों पर 49 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के जड़े। वे भले ही अर्धशतक लगाने से चूक गए लेकिन अपनी टीम को ऐसी शुरुआत दिलाई, जिसने जीत की नींव रख दी।
अमृतसर सूरमास ने जीता मुकाबला
अभिषेक के आउट होने के बाद राहुल कुमार ने अमृतसर के लिए मोर्चा संभाला। उन्होंने नाबाद 53 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की। आकाश पांडे ने भी छोटी लेकिन 13 गेंदों पर 24 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। अमृतसर ने मैच को 4 विकेट से अपने नाम कर लिया।
