बांग्लादेश ने 103 रन डिफेंड कर महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में बनाई जगह, भारत से होगी भिड़ंत
बांग्लादेश महिला टीम ने यूएई को हराकर महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जहां उनका सामना भारतीय टीम से होगा।

बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम ने यूएई को हराकर महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। उनका सामना भारतीय टीम से होगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। बांग्लादेश की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए मात्र 103 रन बनाए थे। इस स्कोर को देखते हुए लग रहा था कि यूएई की टीम मुकाबले में आसानी से जीत हासिल कर सकती है।
बांग्लादेशी गेंदबाजों ने कमाल की बॉलिंग की और अपनी टीम को 103 रन का स्कोर डिफेंड कर जीत दिलाई। जीत के साथ बांग्लादेश की टीम ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। बांग्लादेश के ग्रुप से पहले ही श्रीलंका महिला टीम ने क्वालीफाई कर लिया था, जिनका सामना पाकिस्तान से होने वाला है।
बांग्लादेश की टीम ने बनाए 103 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम के लिए शुरुआत बहुत ही खराब रही। स्कोरबोर्ड पर एक भी रन नहीं था और पहला विकेट गिर चुका था। इसके बाद 8 रन के स्कोर पर टीम ने दूसरा विकेट गंवा दिया। बांग्लादेश की बल्लेबाजी पूरे मैच में संघर्ष करती रही। उनके लिए शरमीन अख्तर सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहीं, जिन्होंने 31 गेंदों पर 38 रनों की पारी खेली। उनके अलावा कप्तान निगार सुल्ताना ने 28 गेंदों पर 23 रनों की संघर्ष भरी पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों के छोटे-छोटे स्कोर के दम पर बांग्लादेश की टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 103 रन बनाए और यूएई को 104 रनों का लक्ष्य दिया।
यूएई को मिली हार
104 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम ने निराशाजनक बल्लेबाजी की। उनके लिए बांग्लादेश को हराने का बेहतरीन मौका था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। तीर्थ सतीश और हीना हॉटचंदानी ही ऐसी बल्लेबाज रहीं, जिन्होंने दहाई का आंकड़ा पार किया। इन दोनों के अलावा अन्य बैटर्स 10 रनों के आंकड़े को भी नहीं छू सके। 20 ओवरों में टीम 9 विकेट के नुकसान पर 69 रन ही बना सकी और बांग्लादेश ने मैच को 34 रनों से अपने नाम कर लिया। बांग्लादेश के लिए रबेया खान सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने तीन विकेट हासिल किए। उनके अलावा मारुफा अख्तर और नाहिदा अख्तर को दो-दो विकेट मिले।
भारत और बांग्लादेश का होगा मुकाबला
महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहले ही क्वालीफाई कर लिया था। टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में अपने सभी मुकाबले जीते हैं। अब बांग्लादेश ने यूएई को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने 3 में से 2 मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला 10 सितंबर को खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होगा।
