मुंबई इंडियंस के नमन धीर ने T20 क्रिकेट में 173 रनों की पारी खेलकर मचाया 'तांडव', क्रिस गेल का महा-रिकॉर्ड तोड़ने से चूके
Naman Dhir Century: नमन धीर ने शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में खेलते हुए तहलका मचा दिया। उन्होंने 173 रनों की पारी ...और पढ़ें

नमन धीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 क्रिकेट में आज तक कोई भी बल्लेबाज दोहरा शतक नहीं लगा सका है लेकिन नमन धीर के 173 रनों की पारी ने एक बार फिर से ये उत्सुकता बढ़ा दी है कि इस फॉर्मेट में भी दोहरा शतक लग सकता है। टी20 फॉर्मेट में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर की बात करें, तो वेस्टइंडीज के पूर्व सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल का नाम आता है, जिन्होंने 175 रनों की पारी खेली थी।
धीर ने शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में मोहाली किंग्स के खिलाफ खेलते हुए एक समय गेल का रिकॉर्ड भी खतरे में डाल दिया था। हालांकि, वे 173 रन बनाकर आउट हो गए। पारी में दो गेंदें बाकी थी और धीर गेल का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। अभिषेक शर्मा की जगह इस मैच में अमृतसर सूरमास की कप्तानी करते हुए उन्होंने कमाल की पारी खेली और उनकी टीम ने 67 रनों से जीत हासिल की।
नमन धीर ने खेली तूफानी पारी
टॉस हाकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी अमृतसर की टीम की शुरुआत खराब रही और 16 रनों के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया। हालांकि, धीर ने एक तरफ से आक्रामक बैटिंग जारी रखी और मोहाली को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। नमन ने 64 गेंदों पर 16 चौके और 12 छक्के की मदद से 173 रनों की पारी खेली। इसी के साथ टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने के मामले में धीर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरोन फिंच को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 172 रनों की पारी खेली थी।
T20 क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर
- क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) - 175
- नमन धीर (भारत) - 173
- एरोन फिंच (ऑस्ट्रेलिया) - 172
- हमजा खान (रवांडा) - 164*
- कर्णवीर सिंह (ऑस्ट्रिया) - 164
अमृतसर सूरमास ने बनाए 279 रन
धीर के अलावा दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर जश्नप्रीत सिंह रहे, जिन्होंने 25 गेंदों पर 41 रनों की पारी खेली। नमन के विशाल शतक के दम पर अमृतसर की टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 279 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया। मोहाली के लिए आयुष गोयल सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए।
मोहाली किंग्स को मिली हार
280 रनों के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी मोहाली की टीम भी अच्छी शुरुआत नहीं कर सकी और 7 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया। जसकरणवीर पॉल और अनमोलप्रीत सिंह ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 80 रनों की साझेदारी हुई। अनमोलप्रीत 52 रन बनाकर आउट हो गए। पॉल ने भी 76 रन बनाए लेकिन इन दोनों के अलावा अन्य बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सके और मोहाली को मैच में 67 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
