Duleep Trophy Final: 708 रनों के पहाड़ तले दबा साउथ जोन, मोहम्मद शमी-मुकेश कुमार का कहर; कप्तान तिलक वर्मा बने आखिरी उम्मीद
दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में साउथ जोन की टीम संघर्ष कर रही है। ईस्ट जोन के 708 रनों के ...और पढ़ें

दलीप ट्रॉफी 2026 फाइनल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ईस्ट जोन के 708 रनों के जवाब में साउथ जोन की टीम मुश्किल में घिरी हुई है। साउथ जोन के लिए कप्तान तिलक वर्मा आखिरी उम्मीद हैं। तिलक ने तीसरे दिन ईस्ट जोन के गेंदबाजों का डटकर सामना किया और अर्धशतक लगाकर तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक नाबाद लौटे। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने भी अर्धशतक लगाया लेकिन साउथ जोन की टीम मैच में काफी पीछे है।
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक साउथ जोन ने 6 विकेट के नुकसान पर 242 रन बना लिए हैं। साउथ जोन पर 708 रनों का दबाव था और फिर ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने उनके बल्लेबाजों को कोई राहत नहीं दी। मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार सहित सभी गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेते रहे और साउथ जोन ने छह विकेट गंवा दिए हैं।
साउथ जोन की खराब शुरुआत
ईस्ट जोन की टीम दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 708 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। इसके जवाब में तीसरे दिन साउथ जोन की टीम बैटिंग करने के लिए मैदान पर उतरी। तिलक वर्मा की कप्तानी वाली साउथ जोन की टीम के लिए सलामी बल्लेबाज के रूप में रिकी भुई और एन. जगदीशन बैटिंग के लिए मैदान पर उतरे। तिलक की अगुवाई वाली टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 10 रनों के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया। भुई एक रन बनाकर आउट हो गए।
देवदत्त पडिक्कल ने जड़ा अर्धशतक
भारत के लिए हाल ही में श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैचों में दो शतक जड़ने वाले देवदत्त पडिक्कल ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में भी अपनी उसी फॉर्म को जारी रखा। 10 रनों पर पहला विकेट गंवाने के बाद जगदीशन के साथ मिलकर पडिक्कल ने मोर्चा संभाला। जगदीशन को शुरुआत मिली लेकिन वे उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके और 32 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद शेक रशीद बैटिंग के लिए मैदान पर आए, जिन्होंने देवदत्त का पूरा साथ दिया। पडिक्कल ने अर्धशतक लगाया लेकिन वे 62 रन बनाकर आउट हो गए। रशीद भी बड़ा स्कोर नहीं बना सके और 27 रन बनाकर आउट हो गए।
तिलक वर्मा ने लगाया अर्धशतक
पडिक्कल के आउट होने के बाद तिलक ने साउथ जोन की पारी को संभाला। उन्होंने 123 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। हालांकि, उनके आसपास विकेट रहते रहे। स्मरण रविचंद्रन को मोहम्मद शमी ने 23 रनों पर आउट कर दिया। इसके बाद श्रेयस गोपाल ने कप्तान का साथ दिया और क्रीज पर समय बिताने की कोशिश की। हालांकि, वे भी 26 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक साउथ जोन का स्कोर 242/6 है। तिलक 56 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि चामा वी मिलिंद 2 रन बनाकर नॉटआउट लौटे।
