SA vs AUS: जोश हेजलवुड ने की करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी, ऑस्ट्रेलिया ने डरबन में साउथ अफ्रीका को धोया
ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को पहले टेस्ट 214 रनों से हरा दिया है। जोश हेजलवुड ने चौथी पारी में छह विकेट झटके।
-1791895808224_m.webp)
जोश हेजलवुड और मैट रेनशॉ
HighLights
मैट रेनशॉ को चुना गया प्लेयर ऑफ द मैच
जोश हेजलवुड ने चौथी पारी में छह विकेट झटके
टेंबा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका पहली बार टेस्ट हारा
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मैट रेनशॉ-पैट कमिंस के बल्ले से दमदार प्रदर्शन और चौथी पारी में जोश हेजलवुड के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 214 रनों से हरा दिया है। बतौर टेस्ट कप्तान टेंबा बावुमा की यह पहली हार है।
ऑस्ट्रेलिया ने डरबन में साउथ अफ्रीका के सामने 421 रनों का लक्ष्य रखा था। पांचवें दिन, जब प्रोटियाज मैदान पर उतरे तब उनके 102 रनों पर चार विकेट गिरे थे। उसे मैच जीतने के लिए 319 रन बनाने थे। वहीं मुकाबला बचाने के लिए 90 ओवर खेलने की जरुरत थी।
हेजलवुड की घातक गेंदबाजी के आगे साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों टिक नहीं प। हेजलवुड ने चौथी पारी में 49 रन देकर छह विकेट झटके, जिसकी वजह से ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
रेनशॉ-कमिंस ने बल्ले से किया कमाल
ऑस्ट्रेलिया की मुकाबले में शुरुआत बेहद खराब रही थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 124 रनों पर ही छह विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मैट रेनशॉ ने 190 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। कप्तान पैट कमिंस ने 43 रनों की पारी खेलकर उनका बखूबी साथ निभाया, जिसकी बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 390 रन बना दिए।
साउथ अफ्रीका की पहली पारी 284 रनों पर सिमट गई थी। उसकी तरफ से सबसे ज्यादा 49 रन डेविड बेडिंघम ने बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कमिंस ने तीन, जबकि मिचेल स्टार्क, हेजलवुड और नाथन लॉयन ने दो-दो विकेट लिए थे। ऑस्ट्रेलिया के पास पहली पारी में 106 रनों की बढ़त थी।
हेजलवुड की गेंदबाजी के आगे साउथ अफ्रीका ने तोड़ा दम
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में भी रेनशॉ और कमिंस ने बल्ले से कमाल किया। रेनशॉ ने 82 रनों की पारी खेली। वहीं, कमिंस ने 12 गेंदों में नाबाद 32 रनों की तेज तर्रार पारी खेली, जिसकी वजह से ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के सामने 421 रनों का लक्ष्य रखा।
रेनशॉ को दोनों पारियों में बेहतर प्रदर्शन की वजह से प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हेजलवुड ने कुल आठ विकेट झटके। चौथी पारी में हेजलवुड ने अपने टेस्ट करियर का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन कर साउथ अफ्रीका की कमर तोड़ दी।
साउथ अफ्रीका लक्ष्य से 214 रन पीछे रह गया। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। दोनों टीमों के बीच अब दूसरा मुकाबला 18 अक्टूबर से खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें- जोफ्रा आर्चर और जैकब बेथेल की वापसी, चार अनकैप्ड खिलाड़ियों को मौका; ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए इंग्लैंड टीम का एलान
यह भी पढ़ें- वैभव को मिलेगा मौका, संजू होंगे बाहर; वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे T20I मैच में कितने बदलाव करेगी टीम इंडिया?
