भारत में होगी चैंपियंस ट्रॉफी 2027, ICC ने श्रीलंका से छीनी मेजबानी; डेट और वेन्यू का हुआ एलान
महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 का पहला संस्करण अब भारत में खेला जाएगा। आईसीसी ने श्रीलंका से मेजबानी छीनकर भारत को दी है, जिसमें 6 टीमें हिस्सा लेंगी।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 का पहला संस्करण भारत में खेला जाएगा। आईसीसी ने इसके लिए तारीख और वेन्यू का एलान कर दिया है। ये टूर्नामेंट पहले श्रीलंका में आयोजित किया जाना था लेकिन श्रीलंका क्रिकेट में राजनीतिक हस्तक्षेप की वजह से आईसीसी ने इसे भारत में शिफ्ट करने का फैसला किया है। इसके लिए क्रिकेट की शीर्ष संस्था ने डेट और वेन्यू का एलान कर दिया है।
महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 ऐतिहासिक होगी क्योंकि ये पहला संस्करण है और भारत में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी। टीम इंडिया के पास बड़ा मौका होगा कि वे वनडे वर्ल्ड कप के बाद चैंपियंस ट्रॉफी को अपने घर पर जीतें। बता दें कि इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि इस टूर्नामेंट को आईसीसी किसी अन्य देश में शिफ्ट करने पर विचार कर रहा और अब इसकी आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है।
भारत में खेली जाएगी महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027
14 से 28 फरवरी के बीच खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी। ये टूर्नामेंट में भारत के मुंबई और वडोदरा में खेला जाएगा। पूरे टूर्नामेंट का आयोजन दो शहरों में होगा। बता दें कि ये टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।
क्या पाकिस्तान भी भारत का करेगा दौरा?
भारत की मेजबानी में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान की टीम क्वालीफाई नहीं कर सकी है। ऐसे में वो भारत नहीं आएगी। अगर पाकिस्तान महिला टीम टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करती, तो इसे दो देशों या फिर किसी अन्य देश में कराना पड़ता। भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे के खिलाफ न्यूट्रल वेन्यू पर खेलते हैं। अब पाकिस्तान इसमें नहीं है, तो पूरा टूर्नामेंट भारत में ही खेला जाएगा।
महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 में क्वालीफाई करने वाली टीमें
महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 में क्वालीफाई करने वाली टीमों में भारत, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीमें शामिल हैं। इन छह टीमों के बीच टूर्नामेंट खेला जाएगा। इवेंट राउंड रॉबिन फॉर्मेट में होगा, जहां सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेंगी यानी हर टीम 5 मैच खेलेगी।
जय शाह ने बताया नया अध्याय
आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने चैंपियंस ट्रॉफी को महिला क्रिकेट में एक नया अध्याय बताया है। उन्होंने कहा, "आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 महिला क्रिकेट के लिए रोमांचक और नए अध्याय की शुरुआत है। टूर्नामेंट के पहले संस्करण में ये दुनिया की छह सर्वश्रेष्ठ टीमों को एक क्वालिटी वाली प्रतियोगिता में एक साथ लाएगा। अन्य टीमों को रैंकिंग में ऊपर बढ़ने के लिए ये प्रोत्साह करेगा।"
