ICC Test Rankings: देवदत्त पडिक्कल ने लगाई लंबी छलांग, गिल और बुमराह ने झेला नुकसान
आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी हुई है, जिसमें देवदत्त पडिक्कल ने लंबी छलांग लगाई। भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और जसप्रीत बुमराह को नुकसान हुआ।

देवदत्त पडिक्कल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
प्रेट्र, दुबई। भारतीय कप्तान शुभमन गिल बुधवार को जारी आईसीसी की टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में दो पायदान और जसप्रीत बुमराह गेंदबाजों की रैंकिंग में एक पायदान नीचे खिसक गए, जबकि देवदत्त पडिक्कल 54वें स्थान पर पहुंचने में सफल रहे।
श्रीलंका दौरे पर तीन पारियों में केवल एक अर्धशतक लगाने वाले गिल दो स्थान नीचे नौवें नंबर पर खिसक गए हैं। विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में सातवें स्थान पर शीर्ष भारतीय बल्लेबाज बने हुए हैं। यशस्वी जायसवाल की रैंकिंग (ICC Test Rankings) में कोई बदलाव नहीं हुआ है और यह भारतीय प्रारंभिक बल्लेबाज 11वें स्थान पर है।
बुमराह को हुआ नुकसान
श्रीलंका के विरुद्ध दो टेस्ट मैचों में दो शतक की मदद से 328 रन बनाने वाले पडिक्कल (Devdutt Padikkal) पांच पायदान ऊपर 54वें स्थान पर पहुंच गए। हालांकि दिग्गज तेज गेंदबाज बुमराह ने टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में अपना दूसरा स्थान गंवा दिया है। अब वह ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क और न्यूजीलैंड के मैट हेनरी के बाद तीसरे स्थान पर हैं।
बुमराह (Jasprit Bumrah) घुटने में चोट के कारण श्रीलंका दौरे पर नहीं जा पाए थे। उन्हें अफगानिस्तान के विरुद्ध तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है, लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस मंजूरी मिलने पर निर्भर है।
दिनुशा की लंबी छलांग
भारत के विरुद्ध कोलंबो टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले श्रीलंका के युवा बल्लेबाज सोनल दिनुशा अपने इस शानदार प्रदर्शन के दम पर बल्लेबाजों की रैंकिंग में 29 पायदान ऊपर 25वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
