WCL Season 3: ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ने डेविड वॉर्नर को बनाया नया कप्तान, रिकी पोंटिंग की भी हुई धमाकेदार एंट्री
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स (WCL) के तीसरे सीज़न के लिए ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ने डेविड वॉर्नर को नया कप्तान बनाया है। ...और पढ़ें

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स (WCL) की तीसरे सीजन के लिए ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ने बड़ा बदलाव किया है। लीग के तीसरे सीजन को सफल बनाने के लिए ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ने पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को अपना नया कप्तान नियुक्त किया है। इसके अलावा पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की भी वापसी हुई है।
पोंटिंग को ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस फ्रेंचाइजी में हिस्सेदारी सौंपी गई है। इस लीग के दो सफल सीजन आयोजित किए जा चुके हैं। अब दर्शकों को आकर्षित करने के लिए वॉर्नर को कप्तानी थमाई गई है। बता दें कि तीसरा सजीन 3 अक्टूबर से शुरू होगा और इसका फाइनल मुकाबला 18 अक्टूबर को खेला जाएगा। टूर्नामेंट में फैंस को पूर्व क्रिकेटरों को एक बार फिर एक्शन में देखने का मौका मिलेगा।
डेविड वॉर्नर बने टीम के कप्तान
यह कार्यक्रम ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ। रिकी पोंटिंग मौजूदा मालिक पुनीत सिंह के साथ मिलकर अब फ्रेंचाइजी के स्वामित्व समूह का हिस्सा हैं। वहीं डेविड वॉर्नर को टीम का कप्तान बनाकर लीडरशिप सौंपी गई है। आयोजन में दोनों दिग्गजों के साथ अन्य खिलाड़ी और WCL परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।
रिकी पोंटिंग की एंट्री से बढ़ा जोश
रिकी पोंटिंग ने कहा, "मैं ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस और वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स का हिस्सा बनकर खुश हूं। पुनीत और टीम के साथ डेविड के नेतृत्व में हमें ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट प्रशंसकों के लिए कुछ खास बनाने का अच्छा मौका मिला है।" पुनीत सिंह ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि पोंटिंग का जुड़ना और डेविड का कप्तानी संभालना टीम को अनुभव, लीडरशिप और ताकत देगा। उन्होंने कहा कि अब वे कुछ सच में खास बनाने के लिए तैयार हैं।
डेविड वॉर्नर बने नए कप्तान
डेविड वॉर्नर ने कप्तानी मिलने पर उत्साह जताया। उन्होंने कहा, "WCL सीजन 3 में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की कप्तानी करना मेरे लिए बहुत रोमांचक है। खेल के कुछ महान खिलाड़ियों के साथ मैदान पर लौटना और प्रशंसकों को खुश करना बेहतरीन एहसास है।"
WCL सीजन 3 की तैयारी जोरों पर
WCL के संस्थापक और सीईओ हर्षित तोमर ने इस बदलाव को बड़ा पल बताया। उन्होंने कहा कि पोंटिंग, पुनीत और डेविड के साथ ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस का नया युग शुरू होना लीग के लिए महत्वपूर्ण है। सीजन 3 अब तक का सबसे बड़ा संस्करण बनने वाला है, जिसमें और दिग्गज खिलाड़ी, कड़ी प्रतिद्वंद्विता और मनोरंजन भरा होगा।
