ऋषभ पंत की होगी घर वापसी, लेकिन करोड़ों का झेलेंगे नुकसान; दिल्ली कैपिटल्स में शामिल होने पर मिलेंगे कितने रुपए?
ऋषभ पंत आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स में लौटेंगे, लखनऊ सुपर जायंट्स को कुलदीप यादव मिलेंगे। पंत को 12 ...और पढ़ें

ऋषभ पंत
HighLights
ऋषभ पंत आईपीएल 2027 में दिल्ली कैपिटल्स में वापसी करेंगे
लखनऊ सुपर जायंट्स को ट्रेड में स्पिनर कुलदीप यादव मिलेंगे
युवराज सिंह दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजी कोच के रूप में जुड़ेंगे
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2027 से पहले होने वाले पहले बड़े ट्रेड के तहत विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में लौटने की संभावना है। इसके बदले लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को स्पिनर कुलदीप यादव मिल सकते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी पंत को एलएसजी ने 2025 की मेगा नीलामी में 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, अब 15 करोड़ रुपये में दिल्ली कैपिटल्स में शामिल हो सकते हैं। दोनों फ्रेंचाइजी इस सौदे की औपचारिकताओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। इसके बाद इस ट्रेड को बीसीसीआई की मंजूरी का इंतजार रहेगा।
ऋषभ पंत ने छोड़ दी थी कप्तानी
आईपीएल 2026 फाइनल से दो दिन पहले पंत ने एलएसजी प्रबंधन को कप्तानी छोड़ने की अपनी इच्छा से अवगत करा दिया था। एलएसजी अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी। यह फैसला ऐसे समय आया जब टीम के आखिरी मैच के बाद निदेशक टॉम मूडी ने संकेत दिया था कि फ्रेंचाइजी नेतृत्व में बदलाव कर नई शुरुआत करना चाहती है।
एलएसजी 2024 और 2025 में सातवें स्थान पर रही थी, जबकि 2026 में सबसे नीचे रही। सूत्रों के मुताबिक पंत से दो फ्रेंचाइजी ने संपर्क किया था। इनमें दिल्ली कैपिटल्स के अलावा एक अन्य टीम भी शामिल थी, जिसने आईपीएल का खिताब एक से अधिक बार जीता है। हालांकि, पंत की पहली पसंद दिल्ली कैपिटल्स मानी जा रही है, जहां से उन्होंने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी।
युवराज सिंह बनेंगे दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजी कोच
भारत के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह आईपीएल 2027 सीजन से दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजी कोच के रूप में टीम से जुड़ने के लिए तैयार हैं। इस घटनाक्रम पर नजर रखने वाले आईपीएल सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 2007 टी-20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे युवराज पिछले कुछ वर्षों में भारतीय कप्तान शुभमन गिल और दुनिया के नंबर एक टी-20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के निजी मेंटर के रूप में काम कर चुके हैं।
यहां तक कि खराब फॉर्म से जूझ रहे ऋषभ पंत ने भी युवराज से सलाह ली थी। दिल्ली कैपिटल्स के साथ यह युवराज का आईपीएल में पहला कोचिंग कार्यकाल होगा। युवराज ने 2019 में मुंबई इंडियंस के लिए अपना आखिरी आईपीएल मैच खेला था।
