बल्लेबाजों को अपनी रफ्तार से 'गिरफ्तार' करने वाले भारतीय क्रिकेटर पहनेंगे खाकी, बिहार सरकार ने बनाया DSP; कितनी मिलेगी सैलरी?
मुकेश कुमार और आकाश दीप ने क्रिकेट में अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाया है। अब वे दोनों खाकी पहनने वाले हैं और उन्हें बिहार सरकार ने डीएसपी बनाया है।

भारतीय क्रिकेट टीम
HighLights
मुकेश कुमार और आकाश दीप पहनेंगे खाकी
बिहार सरकार ने आकाश और मुकेश को बनाया डीएसपी
मुकेश और आकाश की कितनी होगी सैलरी
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार ने क्रिकेट में अपना लोहा मनवाया। अब ये दोनों गेंदबाज क्रिकेट में धमाल मचाने के बाद खाकी वर्दी में नजर आने वाले हैं। बिहार में जन्मे दोनों गेंदबाजों ने बल्लेबाजों को अपनी रफ्तार और स्विंग से गिरफ्तार किया है। अब वे खाकी पहनने वाले हैं। बिहार सरकार ने दोनों को डीएसपी नियुक्त किया है।
आकाश ने टीम इंडिया के लिए रेड बॉल क्रिकेट में शानदार खेल दिखाया है। वे भारत के क्रिकेट के सबस लंबे प्रारूप में अहम सदस्य हैं। दूसरी तरफ मुकेश ने टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट में खेला है। उन्होंने अपनी यॉर्कर और स्विंग से बल्लेबाजों को खूब परेशान किया है। हालांकि, अब वे खाकी में दिखाई देंगे।
बिहार सरकार ने आकाश दीप और मुकेश कुमार को दिया तोहफा
बिहार सरकार ने शुक्रवार को दोनों गेंदबाजों को डीएसपी नियुक्त करने का आदेश दिया है। उनकी नियुक्ति स्पोर्ट्स कोटा के तहत हुई है। खेल में उनकी उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें सरकार ने ये सम्मान दिया है। आकाश का जन्म बिहार के सासाराम में हुआ था। दूसरी तरफ गोपालगंज में मुकेश कुमार का जन्म हुआ था। दोनों फिलहाल घरेलू क्रिकेट में बिहार के लिए नहीं खेलते हैं। दोनों बंगाल के लिए खेलते हैं।
मुकेश और आकाश की कितनी होगी सैलरी?
मुकेश और आकाश दीप की नियुक्ति वेतनमान-9 के तहत की गई है। उन्हें 9300-34800 रुपए तक का वेतन मिलने वाला है। इसके अलावा ग्रेड पे 5400 निर्धारित किया गया है। बिहार सरकार ने अपने आदेश में इसकी पुष्टि की है।
आकाश दीप करने वाले हैं शादी
आकाश इसी महीने की 24 तारीख को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। उनका विवाह वाराणसी में होने वाला है। चोट की वजह से वे आईपीएल 2026 में नहीं खेल सके थे। अभी भी वे टीम इंडिया से बाहर हैं लेकिन शादी से पहले उन्हें डीएसपी बनने की खुशखबरी मिली है।
आकाश और मुकेश का इंटरनेशनल करियर
मुकेश कुमार के इंटरनेशनल करियर पर नजर डालें, तो उन्होंने टीम इंडिया की तीनों फॉर्मेट में अगुवाई की है। उन्होंने 3 टेस्ट मैचों में 7, 6 वनडे में 5 और 17 टी20 मैचों में 20 विकेट अपने नाम किए हैं। आकाश ने भारत के लिए सिर्फ टेस्ट मैच खेले हैं, जहां उन्होंने 10 मुकाबलों में 28 विकेट चटकाए हैं।
