वेस्टइंडीज क्रिकेट के तीन सुपरस्टार्स का बजा 'डंका', पोलार्ड, ब्रावो और सुनील नरेन के नाम पर बना स्टैंड
त्रिनिदाद एवं टोबैगो के क्वींस पार्क ओवल में ड्वेन ब्रावो, कायरन पोलार्ड और सुनील नरेन के नाम पर स्टैंड का ...और पढ़ें

सुनील नरेन-कायरन पोलार्ड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, पोर्ट ऑफ स्पेन। त्रिनिदाद एवं टोबैगो के सबसे प्रसिद्ध क्रिकेटरों में शामिल ड्वेन ब्रावो, कायरन पोलार्ड और सुनील नरेन ने ऐतिहासिक क्वींस पार्क ओवल में अपने नाम पर रखे गए स्टैंड का अनावरण किया। सोमवार को आयोजित स्टैंड के अनावरण का कार्यक्रम क्वींस पार्क क्रिकेट क्लब (क्यूपीसीसी) के उन समारोहों का हिस्सा था, जिनके जरिए त्रिनिदाद एवं टोबैगो का 64वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
यह सम्मान देश की अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी क्रिकेट विरासत में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले इन तीन स्थानीय सितारों की उपलब्धियों को मान्यता देता है। इस स्टैंड का नाम पहले ट्रिनी पासे स्टैंड था। इस सम्मान के साथ ब्रावो, पोलार्ड और नरेन त्रिनिदाद एवं टोबैगो के उन दिग्गज क्रिकेटरों की विशिष्ट सूची में शामिल हो गए हैं, जिनके नाम क्वींस पार्क ओवल के विभिन्न हिस्सों से जुड़े हैं।
ब्रायन लारा के नाम पर है पवेलियन
इस मैदान की अन्य प्रमुख सुविधाओं में ब्रायन लारा पवेलियन, डेरीक मरे प्लेयर्स गैलरी, जेफरी स्टालमेयर स्टैंड, लेरी कांस्टेंटाइन स्टैंड, गेरी गोमेज मीडिया सेंटर और सिरिल एल. ड्यूप्रे स्टैंड शामिल हैं। ब्रावो, पोलार्ड और नरेन सबसे छोटे प्रारूप के प्रमुख ध्वजवाहकों में रहे हैं। उन्होंने वर्षों के दौरान कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और कई उपलब्धियां हासिल कीं।
कायरन पोलार्ड का ऐतिहासिक कारनामा
दुनिया के सबसे सफल टी-20 क्रिकेटरों में से एक पोलार्ड 700 से अधिक मैच खेल चुके हैं। उन्होंने 14,000 से ज्यादा रन बनाए हैं और 330 से अधिक विकेट लिए हैं। ब्रावो ने अपने टी-20 करियर का अंत 631 विकेट के साथ किया। संन्यास के समय वह पुरुष टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने इस प्रारूप में करीब 7,000 रन भी बनाए।
सुनील नरेन ने हाल ही में रचा था इतिहास
नरेन हाल ही में टी-20 क्रिकेट के इतिहास में 650 विकेट का आंकड़ा छूने वाले केवल दूसरे गेंदबाज बने। उन्होंने कैरेबियन प्रीमियर लीग में भी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में अपनी पहचान बनाई है। इन तीनों ने आईपीएल में भी बेहद सफल विरासत कायम की है।
