विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Duleep Trophy: रजत पाटीदार ने पीछे दौड़ते हुए लपका हैरतअंगेज कैच, वैभव सूर्यवंशी रह गए हक्‍का-बक्‍का - Video

Published: Tue, 01 Sep 2026 07:57 PM (IST)

Rajat Patidar Catch Video: सेंट्रल जोन के कप्‍तान रजत पाटीदार ने दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में ईस्‍ट जोन के बल्‍लेबाज ...और पढ़ें

रजत पाटीदार ने वैभव सूर्यवंशी का कैच लपका

रजत पाटीदार ने वैभव सूर्यवंशी का कैच लपका

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। गत चैंपियन सेंट्रल जोन को दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में ईस्‍ट जोन के हाथों 4 विकेट की शिकस्‍त सहनी पड़ी। मगर सेंट्रल जोन के कप्‍तान रजत पाटीदार महफिल लूटने से चूके नहीं। सेंट्रल जोन के कप्‍तान रजत ने पीछे दौड़कर वैभव सूर्यवंशी का हैरतअंगेज कैच पकड़ा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

बता दें कि यश ठाकुर द्वारा किए गए पारी के 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर वैभव सूर्यवंशी ने मिडविकेट की दिशा में हवाई शॉट लगाया। गेंद काफी ऊपर गई और रजत पाटीदार शॉर्ट मिडविकेट से दौड़ लगाते हुए गए। उन्‍होंने हवा में पूरा शरीर फैलाया और आगे हाथ फैलाकर शानदार कैच लपका।

उल्‍लेखनीय है कि रजत पाटीदार ने कैच लपकने के लिए डाइव लगाई, लेकिन गेंद उनके हाथ से छूटी नहीं। कमेंटेटर्स से लेकर क्रिकेट फैंस और खुद वैभव सूर्यवंशी, सभी इस कैच को देखकर अंचभित रह गए। वैभव ने ईस्‍ट जोन की दूसरी पारी में 43 गेंदों में तीन चौके और दो छक्‍के की मदद से 40 रन बनाए।

ईस्‍ट जोन ने जीता मैच

बता दें कि रजत पाटीदार के शानदार कैच के बावजूद सेंट्रल जोन की टीम ने दलीप ट्रॉफी का सेमीफाइनल मुकाबला गंवा दिया। सेंट्रल जोन ने ईस्‍ट जोन के सामने जीत के लिए 159 रन का लक्ष्‍य रखा था, जिसे ईशान किशन के नेतृत्‍व वाली टीम ने 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। ईस्‍ट जोन की जीत के हीरो तेज गेंदबाज मुकेश कुमार रहे, जिन्‍हें मैच में सात विकेट लेने के लिए प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

रजत का नहीं हुआ सेलेक्‍शन

रजत पाटीदार ने अविश्‍वसनीय कैच पकड़कर भले ही फैंस का दिल जीता हो, लेकिन निजी तौर पर उनके लिए दिन अच्‍छा नहीं बीता। पहले तो सेंट्रल जोन का सफर सेमीफाइनल में समाप्‍त हुआ। इसके बाद भारत ने अफगानिस्‍तान के खिलाफ तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के लिए 15 सदस्‍यीय स्‍क्‍वाड की घोषणा की, जिसमें रजत पाटीदार का नाम नदारद रहा।

रजत ने आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दो बार खिताब दिलाया, लेकिन इसके बावजूद राष्‍ट्रीय टीम से उनकी अनदेखी की गई। अब रजत पाटीदार आगे अपना पूरा ध्‍यान रणजी ट्रॉफी पर लगाएंगे, जहां वो मध्‍यप्रदेश का नेतृत्‍व करते हुए नजर आएंगे।

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी की टीम ने फाइनल में बनाई जगह, डिफेंडिंग चैंपियन सेंट्रल जोन को 4 विकेट से धोया

यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान, वैभव सूर्यवंशी सहित 15 खिलाड़ियों को मिली जगह