शेफाली वर्मा से पंगा लेना फातिमा सना को पड़ा भारी, पाकिस्तानी कप्तान पर चला ICC का हंटर
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना पर महिला एशिया कप में शेफाली वर्मा को आउट करने के बाद अपमानजनक इशारा करने के लिए जुर्माना लगाया गया है।

फातिमा सना

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, दुबई। भारतीय प्रारंभिक बल्लेबाज शेफाली वर्मा को महिला एशिया कप के दौरान आउट करने के बाद अपमानजनक इशारा करने के लिए पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। आईसीसी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह घटना शनिवार को भारत की पारी के दूसरे ओवर में हुई जब शेफाली को आउट करने के बाद फातिमा ने पवेलियन की ओर इशारा किया। फातिमा को आईसीसी की खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ से जुड़ी आचार संहिता के लेवल एक के नियम 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया।
फातिमा सना के खिलाफ ICC की कार्रवाई
यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी बल्लेबाज के आउट होने पर ऐसी भाषा, हरकत या इशारे करने से संबंधित है जो बल्लेबाज का अपमान करते हों या उसे आक्रामक प्रतिक्रिया के लिए उकसा सकते हों। इसके अलावा फातिमा के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक और जोड़ा गया है, क्योंकि 24 महीने की अवधि में यह उनका दूसरा अपराध है।
इसके साथ ही एक साल के भीतर उनके डिमेरिट अंकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। फातिमा को इससे पहले छह अगस्त 2025 को डबलिन में आयरलैंड के विरुद्ध टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले मैच के दौरान एक डिमेरिट अंक मिला था।
