विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'खुद कर लें व्यवस्था', जापान ने एशियन गेम्स में क्रिकेट टीमों के होटल विवाद पर दी सफाई

Published: Tue, 01 Sep 2026 11:56 PM (IST)

जापान के आइची-नागोया में 2026 एशियाई खेलों में क्रिकेट टीमों के आवास को लेकर चिंताएं सामने आई थीं। जापान क्रिकेट ...और पढ़ें

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पीटीआई, नई दिल्ली। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेल 2026 में क्रिकेट के आयोजन को लेकर अव्यवस्थाओं की खबरें सामने आई थी। कई प्रमुख क्रिकेट देशों ने महाद्वीपीय खेलों के दौरान उपलब्ध कराए जा रहे आवास को लेकर चिंता जताई थी।

बुधवार को जापान क्रिकेट संघ (जेसीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नाओकी एलेक्स मियाजी ने कहा कि एशियाई खेलों में भाग लेने वाली टीमों को होटल में ठहरने की सुविधा की पेशकश की गई है लेकिन वे चाहें तो अपने स्तर पर भी ठहरने की व्यवस्था कर सकती हैं। हाल ही में एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) की बैठक में प्रमुख क्रिकेट देशों ने आवास समेत विभिन्न लाजिस्टिक मुद्दों पर अपनी आशंकाएं व्यक्त की थीं। बताया गया था कि खिलाड़ियों के लिए ठहरने की व्यवस्था आइची प्रांत के निसिन शहर स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क से करीब 20 किलोमीटर दूर की गई है।

जापान ने एसीसी के साथ मिलकर किया काम: नाओकी एलेक्स मियाजी

मियाजी ने कहा कि एशियाई खेलों का आयोजन एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) के तत्वावधान में आइची-नागोया खेल आयोजन समिति (एआईएनएजीओसी) द्वारा एसीसी के सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेसीए ने कुछ क्षेत्रों में सहयोग दिया है लेकिन वह सीधे तौर पर आयोजन में शामिल नहीं है इसलिए मैं आपके सभी सवालों का सीधे जवाब देने की स्थिति में नहीं हूं।

मैं इतना जरूर कह सकता हूं कि एशियाई खेलों में क्रिकेट की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी पक्ष कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मियाजी ने कहा कि एसीसी लंबे समय से एआइएनएजीओसी के साथ आवास के विकल्पों पर चर्चा कर रही है। क्रिकेट में भाग लेने वाली टीमों को होटल में ठहरने की सुविधा की पेशकश की जा रही है।

आवास को लेकर उठ रही थी चिंता

एशियाई खेल 19 सितंबर से शुरू होंगे। मियाजी ने आवास को लेकर उठ रही चिंताओं के संदर्भ में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि कई अन्य खेलों के खिलाड़ियों के लिए इससे भी सीमित सुविधाओं में व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई अन्य खेलों के खिलाड़ियों को क्रूज जहाज या कंटेनर होटलों जैसी कहीं अधिक सीमित सुविधाओं में ठहराया जा रहा है। अगर टीमें चाहें तो वे अपने स्तर पर आवास की व्यवस्था करने के लिए स्वतंत्र हैं।

उन्होंने उन खबरों को भी खारिज किया कि खिलाड़ियों के लिए शौचालय खेल मैदान से कम से कम आधा किलोमीटर दूर होंगे। मियाजी ने कहा कि कृपया ध्यान दें कि खिलाड़ियों के क्षेत्र के भीतर ही शौचालय उपलब्ध होंगे। आयोजन स्थल पर अस्थायी और स्थायी दोनों तरह की सुविधाएं हैं। मैदान पर मौजूद सुविधाएं अस्थायी हैं लेकिन एआइएनएजीओसी ने एक साल से अधिक समय तक एसीसी के साथ मिलकर काम किया है जिससे कि सीमित समय और सुविधाओं के बावजूद खिलाड़ियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने खेलों के लिए बनाए गए अस्थायी ड्रेसिंग रूम की जानकारी भी दी।

17 महीने में तैयार किया गया है कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क

मियाजी ने बताया कि कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क को 17 महीने में क्रिकेट के लिए तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि तैयारी के लिए उनके पास केवल 17 महीने थे और उन्हें शुरुआत से काम करना पड़ा, क्योंकि आइची प्रांत में किसी भी स्तर का कोई क्रिकेट मैदान मौजूद नहीं था। सीमित समय और संसाधनों को देखते हुए एआईएनएजीओसी और एसीसी ने मिलकर यह सुनिश्चित किया कि खेलने की सुविधाएं उपयुक्त हों।

जापान में क्रिकेट प्रमुख खेल नहीं

मियाजी ने बताया कि श्रीलंका क्रिकेट ने टर्फ तैयार करने और हाइब्रिड पिच लगाने के लिए अपने क्यूरेटर उपलब्ध कराए। उन्होंने साथ ही कहा कि जापान में क्रिकेट अभी प्रमुख खेलों में शामिल नहीं है और उपलब्ध संसाधनों को देखते हुए बहुत कुछ करना संभव नहीं है। मियाजी ने कहा कि इन सीमित परिस्थितियों में वे जो कर सकते हैं उसकी अपनी सीमाएं हैं लेकिन मैंने जो देखा है उसके आधार पर खेल की सतह और मैदान एशियाई खेलों में क्रिकेट को शामिल किए जाने के बाद अब तक के सर्वश्रेष्ठ होंगे।

यह भी पढ़ें- अभिषेक शर्मा और नमन धीर की तूफानी पारी भी नहीं आई काम, प्रभसिमरन सिंह ने शतक लगाकर अपनी टीम को दिलाई जीत

यह भी पढ़ें- SA vs ZIM: लुआन-ड्रे प्रिटोरियस की तूफानी पारी के दम पर साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को रौंदा, ट्राई सीरीज में की जबरदस्त वापसी