SA vs ZIM: लुआन-ड्रे प्रिटोरियस की तूफानी पारी के दम पर साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को रौंदा, ट्राई सीरीज में की जबरदस्त वापसी
नामीबिया में खेली जा रही ट्राई सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 43 रनों से हराया। लुआन-ड्रे प्रिटोरियस के ...और पढ़ें

लुआन ड्रे प्रीटोरियस

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जिम्बाब्वे के खिलाफ ट्राई सीरीज में खेले गए मैच में साउथ अफ्रीका ने जीत हासिल की। ये सीरीज नामीबिया में खेली जा रही है। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। लुआन ड्रे प्रीटोरियस की शानदा बल्लेबाजी के दम पर अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को मात दी। हालांकि, वे शतक लगाने से चूक गए और 94 रनों पर आउट हो गए।
प्रीटोरियस की बल्लेबाजी के दम पर साउथ अफ्रीका पहले बल्लेबाजी करते हुए 185 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाने में कामयाब रही। गौरतलब है कि साउथ अफ्रीका ने अपनी बी टीम इस ट्राई सीरीज के लिए भेजी है, जिसकी कप्तानी ब्योर्न फोर्टुइन के हाथों में है। अफ्रीका को सीरीज के पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद उन्होंने दमदार वापसी की है और लगातार दो मैचों में जीत दर्ज की है।
लुआन ड्रे प्रीटोरियस की शानदार बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी साउथ अफ्रीका की टीम की शुरुआत अच्छी रही। लुआन ड्रे प्रीटोरियस और जॉर्डन हरमन ने पहले विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की। हरमन 25 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, एक छोर पर प्रीटोरियस टिके रहे और उन्होंने शानदार पारी खेली। लुआन ने 51 गेंदों पर 94 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
तीसरे नंबर पर बैटिंग करने के लिए आए डेवाल्ड ब्रेविस ने कमाल की पारी खेली। ब्रेविस ने 27 गेंदों पर 2 चौकों और 3 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 41 रन बनाए। टॉप-3 बल्लेबाजों के अलावा अन्य बैटर्स कुछ खास कारनामा नहीं कर सके और साउथ अफ्रीका की टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 185 रनों का स्कोर खड़ा किया। जिम्बाब्वे के लिए वेस्ली मधवीरे सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट हासिल किए।
साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों के सामने जिम्बाब्वे ने टेके घुटने
186 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे के बल्लेबाज कमाल नहीं कर सके। पूरी टीम 17.4 ओवरों में 142 रनों पर सिमट गई। जिम्बाब्वे के लिए कप्तान सिकंदर रजा ने लड़ाई लड़ी और 33 गेंदों पर 45 रनों की पारी खेली। हालांकि, पहाड़ जैसे स्कोर पर चढ़ने के लिए सिर्फ एक बल्लेबाज की पारी काफी नहीं थी और जिम्बाब्वे की टीम को हार का सामना करना पड़ा। साउथ अफ्रीका के लिए कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन ने कमाल की बॉलिंग की और 4 विकेट हासिल किए। उनके अलावा डुआन यानसेन ने तीन विकेट चटकाए और प्रोटियाज ने मैच को 43 रनों से अपने नाम कर लिया।
