'मुझे वैभव सूर्यवंशी से उम्मीद नहीं', एशियन गेम्स 2026 में टीम इंडिया को लेकर सुनील गावस्कर ने किया बड़ा दावा
सुनील गावस्कर ने एशियाई खेल 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम की संभावनाओं पर बात की, श्रेयस अय्यर की कप्तानी और जसप्रीत बुमराह के चयन का समर्थन किया।

वैभव सूर्यवंशी-सुनील गावस्कर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
शेखर झा, जागरण, नई दिल्ली। अफगानिस्तान के विरुद्ध टी-20 सीरीज के बाद भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम एशियाई खेल 2026 में अपनी चुनौती पेश करेगी। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू होने वाले इस बहु-खेल आयोजन में भारतीय टीम की कमान श्रेयस अय्यर संभालेंगे।
इस मुकाबले से पहले भारत के दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने भारतीय टीम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अगर किसी देश को क्रिकेट को बढ़ावा देना है और क्रिकेट को लोकप्रिय बनाना है तो उसे ओलंपिक और एशियाई खेलों से मिलने वाले अवसरों का फायदा उठाना होगा और उसी के अनुसार खेलना होगा। पिछले एशियाई खेलों में भारत ने स्वर्ण पदक जीता था और मुझे उम्मीद है कि इस बार भी भारतीय टीम अच्छा खेलेगी और एक और स्वर्ण पदक लेकर आएगी।
जसप्रीत बुमराह को खिलाना अच्छा विचार: सुनील गावस्कर
एशियाई खेलों में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के चयन पर उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों के बाद न्यूजीलैंड में होने वाली टेस्ट सीरीज तक काफी लंबा अंतर है। इसलिए मेरा मानना है कि जसप्रीत बुमराह को खिलाना वास्तव में अच्छा विचार है, क्योंकि न्यूजीलैंड के विरुद्ध सीरीज खेलने से पहले उन्हें कुछ गेंदबाजी करने का मौका मिलना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि हमने अभी सुना कि मोहम्मद सिराज पर्याप्त क्रिकेट नहीं खेलने के कारण अपनी लय में नहीं थे और शायद इसी वजह से वह अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी नहीं कर पाए। इसलिए गेंदबाजों के लिए भी कुछ ओवर गेंदबाजी करना बहुत जरूरी है। बुमराह के लिए भी इन मैचों में कुछ ओवर गेंदबाजी करना बेहद अहम होगा।
गावस्कर ने की श्रेयस अय्यर की जमकर तारीफ
आगे उन्होंने श्रेयस अय्यर को लेकर कहा कि वह कप्तान के तौर पर काफी अनुभवी हैं। हमने उन्हें केकेआर, दिल्ली कैपिटल्स और फिर पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए देखा है। उनके पास पर्याप्त अनुभव है, इसलिए मुझे नहीं लगता कि इस टूर्नामेंट में उन पर कोई अतिरिक्त दबाव होगा। हालांकि, जब भी आप भारत की कप्तानी करते हैं तो उम्मीदें बहुत ज्यादा होती हैं।
गावस्कर ने कहा कि हर कप्तान यह समझता है कि देश की कप्तानी करना सम्मान और सौभाग्य की बात है, लेकिन उसके साथ उम्मीदों का दबाव भी हमेशा रहता है। वह काफी अनुभवी हैं। इसलिए मुझे नहीं लगता कि एशियाई खेलों में जाने से पहले वह दबाव में होंगे। हालांकि टूर्नामेंट आसान नहीं होगा।
वैभव सूर्यवंशी पर बोले सुनील गावस्कर
यह टी-20 टूर्नामेंट है। बांग्लादेश अच्छी फॉर्म में है, पाकिस्तान हमेशा खतरनाक टीम रही है और श्रीलंका भी टी-20 में शानदार टीम है। अफगानिस्तान को भी नहीं भूलना चाहिए। इसलिए मुकाबला बिल्कुल आसान नहीं होगा। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि टी-20 क्रिकेट में आप किसी भी बल्लेबाज से लगातार प्रदर्शन की उम्मीद नहीं कर सकते। किसी के लिए भी यह काफी मुश्किल है लेकिन वह ऐसे बल्लेबाज हैं, जो संभवत: 10 पारियों में तीन-चार मैच अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से जिता सकते हैं। बाकी मैचों में भी हो सकता है कि वह 50 से ज्यादा रन न बनाएं, लेकिन टीम को अच्छी शुरुआत जरूर दे सकते हैं।
नोट: एशियाई खेल 2026 में क्रिकेट मुकाबलों को सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव पर लाइव देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें- भारत से शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान का तगड़ा कमबैक, हांगकांग को 72 रनों से रौंदकर सेमीफाइनल में मारी एंट्री
