रोहित शर्मा विश्व कप 2027 में साबित होंगे 'तुरुप का इक्का', जोंटी रोड्स ने बताया भारत को हिटमैन की क्यों है जरूरत?
रोहित शर्मा वर्ल्ड कप 2027 में खेलेंगे या नहीं, इसको लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। हालांकि, पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने उनका समर्थन किया है।

रोहित शर्मा (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा विश्व कप 2027 की टीम में होंगे या नहीं, इसको लेकर संशय बना हुआ है। हालांकि, दुनिया के सबसे बेहतरीन फील्डर्स में से एक जोंटी रोड्स को लगता है कि रोहित का टीम में होना बहुत जरूरी है। उनका मानना है कि रोहित का अनुभव भारतीय टीम को वर्ल्ड कप में बहुत फायदा पहुंचा सकता है। उन्होंने विराट कोहली को लेकर भी अपनी राय दी है।
रोड्स का मानना है कि वर्ल्ड कप खेलने का अनुभव ऐसी चीज है, जो टीमें अक्सर नंजरअंदाज कर देती हैं। हालांकि, ये विश्व कप में बहुत काम आ सकता है। गौरतलब है कि हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर दूसरे वनडे में फ्लॉप होने के बद रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि रोहित का लॉर्ड्स में होने वाला तीसरा वनडे मैच आखिरी मैच साबित हो सकता है। हालांकि, हिटमैन ने उस मैच में शतक लगाकर इन खबरों पर विराम लगा दिया था। अब रोड्स ने उनका समर्थन किया है।
जोंटी रोड्स ने रोहित शर्मा का किया समर्थन
जियोस्टार पर बात करते हुए रोड्स ने कहा, "वर्ल्ड कप का अनुभव ऐसी चीज होती है, जिसे हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। हम नए खिलाड़ियों के टैलेंट और उनके प्रदर्शन को देखते हैं। हो सकता है कि उन्होंने कुछ अच्छी पारियां खेली हों या फिर कोई सीजन अच्छा रहा हो। हालांकि, जब बात दबाव वाले पलों की आती है और वर्ल्ड कप में बहुत ज्यादा दबाव होता है। खिलाड़ी शारीरिक रूप से खुद को संभाल सकते हैं लेकिन मानसिक मजबूती एक ऐसी चीज है, जिसे हम खिलाड़ियों को चुनते हुए ध्यान में नहीं रखते हैं।"
पूर्व अफ्रीकी खिलाड़ी ने हिटमैन को लेकर बात करते हुए आगे कहा, "वे ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने चार (तीन) वर्ल्ड कप खेले हैं। दो बार सेमीफाइनल खेले हैं और मैं जानता हूं कि ये कितना तनावपूर्ण हो सकता है। इस वजह से वर्ल्ड कप की टीम में रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी का होना बहुत बड़ी बात है।"
रोड्स ने की विराट कोहली की तारीफ
रोड्स ने विराट कोहली की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "हमने ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप जीतते देखा है। उनका आक्रामक रवैया और जीतने की जबरदस्त उम्मीद को भी देखा है। मुझे लगता है कि विराट कोहली भी ऐसे ही हैं। उनके अंदर अपनी टीम के लिए मैच जीतने की भूख है।"
