रोहित शर्मा और विराट कोहली को एक-एक रन के लिए तरसाएंगे, न्यूजीलैंड दौरे से पहले कीवी कप्तान ने दी खुली चुनौती
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को आगामी वनडे सीरीज के लिए बड़ी चुनौती बताया, ...और पढ़ें

रोहित शर्मा-विराट कोहली

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, मुंबई। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने भारत के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को आगामी वनडे सीरीज के लिए बड़ी चुनौती करार देते हुए कहा कि अतीत में इन दोनों दिग्गजों को न्यूजीलैंड की पिचें रास आयी हैं, लेकिन उम्मीद है इस बार हालात अलग होंगे।
कोहली और रोहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब सिर्फ 50 ओवर के प्रारूप में खेलते हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस साल अक्टूबर-नवंबर में पांच वनडे, पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय और दो टेस्ट मैच खेले जाने हैं। सेंटनर ने साक्षात्कार में कहा कि यह एक चुनौती होगी। हमने लंबे समय से देखा है कि वे दोनों अब भी बेहद अच्छे खिलाड़ी हैं और वनडे क्रिकेट के माहिर हैं। अतीत में न्यूजीलैंड की कुछ पिचें उन्हें काफी रास आई हैं। उम्मीद है कि इस बार ऐसा नहीं होगा।
विश्व कप की तैयारी के लिहाज से अहम होगी सीरीज: मिचेल सेंटनर
सेंटनर ने भारत-न्यूजीलैंड सीरीज को विश्व कप की तैयारी का अहम हिस्सा करार दिया। यूरोपीय टी-20 प्रीमियर लीग में एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स की कप्तानी कर रहे सेंटनर ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि यह शानदार सीरीज होगी। यह अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों का हिस्सा है। सीमित मैचों के बीच हर टीम विश्व कप के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ संयोजन बनाने की कोशिश कर रही है।
सेंटनर ने कहा कि न्यूजीलैंड को भारत के विरुद्ध पांच वनडे खेलने हैं। इसके बाद घरेलू मैदान पर श्रीलंका के विरुद्ध तीन मैच होंगे और फिर सितंबर 2027 में इंग्लैंड में विश्व कप की तैयारियां की जाएंगी।
यूरोप में अभी भी क्रिकेट पर ज्यादा काम नहीं हुआ
सेंटनर ने कहा कि यूरोप अभी भी क्रिकेट के लिए एक ऐसा बाजार है, जहां ज्यादा काम नहीं हुआ है और यूरोपियन टी-20 प्रीमियर लीग जैसे टूर्नामेंट में खेलना एक तरह से खेल को आगे बढ़ाने में योगदान है। सेंटनर ईटीपीएल के पहले सीजन में एडिनबर्ग कैसल राकरर्स की कप्तानी कर रहे हैं और उनकी टीम अब तक छह मैचों में पांच जीत और एक बिना नतीजे वाले मैच के साथ पाइंट्स टेबल में सबसे ऊपर है।
सेंटनर ने कहा कि खेल को आगे बढ़ाना सबसे जरूरी हिस्सा है। यूरोप में क्रिकेट के लिए यह एक ऐसा बाजार है, जहां अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। अगर यह सफल होता है, तो यह बहुत बढ़िया होगा।
