भारत-जापान के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने पर खेला जाएगा ऐतिहासिक मैच, देवजीत सैकिया ने बताया क्रिकेट का नया अध्याय
भारत और जापान के बीच 22 सितंबर को जापान में पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाएगा, जो दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने का प्रतीक है।

देवजीत सैकिया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, नई दिल्ली। बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने सोमवार को कहा कि भारत और जापान के बीच इस महीने होने वाला एकमात्र टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच नए दर्शकों को जोड़कर क्रिकेट को वैश्विक खेल बनाने की दिशा में अहम कदम बताया।जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू हो रहे एशियाई खेलों से पहले भारत और जापान पहली बार 22 सितंबर को जापान में ऐतिहासिक टी-20 मैच खेलेंगे।
मैच तोचिगी प्रांत के सानो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान पर खेला जाएगा। सुजुकी कप के तहत होने वाला यह मैच भारत और जापान के राजनयिक रिश्तों की 75वीं सालगिरह पर आयोजित किया गया है। सैकिया ने कहा कि क्रिकेट को नए क्षेत्रों में ले जाने के आईसीसी अध्यक्ष जय शाह के प्रयासों के तहत इस मैच का आयोजन किया गया है।
इंटरनेशनल क्रिकेट जापान तक पहुंचा: देवजीत सैकिया
सैकिया ने एक्स पर लिखा कि क्रिकेट का वैश्विक सफर उन पलों से आकार ले रहा है जो इस खेल को इसकी पारंपरिक सीमाओं से आगे ले जाते हैं। 22 सितंबर 2026 को होने वाला भारत-जापान टी-20 मैच भी ऐसा ही एक पल है, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को जापान तक ले जा रहा है, नए दर्शकों से जोड़ रहा है और अपार संभावनाओं वाले इस क्षेत्र में खेल की मौजूदगी को मजबूत कर रहा है।
सैकिया ने की जय शाह की जमकर तारीफ
उन्होंने आगे लिखा कि यह जय शाह के उस विजन और जमीनी काम को पहचानने का भी मौका है जो उन्होंने बीसीसीआई सचिव और अब आईसीसी अध्यक्ष के तौर पर क्रिकेट के भविष्य में इसके वैश्विक विकास को सबसे अहम जगह देने के लिए किया है।
भारत टी-20 विश्व कप चैंपियन और नंबर एक टीम है, जबकि जापान आईसीसी टी-20 रैंकिंग में 41वें स्थान पर है। भारत की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे जबकि उपकप्तान तिलक वर्मा, स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन भी टीम में हैं।
