E20 के बीच महारत्न कंपनी ने बनाया EWG डीजल, सियाचिन और लद्दाख जैसी -60°C वाली ठंड में नहीं जमेगा फ्यूल
महारत्न कंपनी BPCL ने 'एक्सट्रीम वेदर ग्रेड' (EWG) डीजल की पहली खेप बीना रिफाइनरी से भेजी है।

भारतीय सेना को मिला EWG डीज़ल, -60°C में भी नहीं जमेगा ईंधन
HighLights
BPCL ने सेना के लिए EWG डीज़ल की पहली खेप भेजी।
यह डीज़ल अत्यधिक ठंडे और ऊंचाई वाले क्षेत्रों हेतु निर्मित।
इंजन को -60°C में भी सुचारू रूप से चलाने में सहायक।
नई दिल्ली। भारतीय सेना की ऑपरेशनल क्षमताओं को और मज़बूत करने की दिशा में एक अहम उपलब्धि हासिल हुई है। सरकारी क्षेत्र की प्रमुख तेल महारत्न कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने अपनी बीना रिफ़ाइनरी से 'एक्सट्रीम वेदर ग्रेड' (EWG) डीजल की पहली खेप (रेक) भेजी है, जिसे खास तौर पर भारतीय सेना के लिए तैयार किया गया है।
यह खास डीज़ल सेना के वाहनों और उपकरणों को ज़्यादा ऊंचाई वाले और बहुत ज़्यादा ठंड वाले इलाकों (जैसे लद्दाख और सियाचिन) में -60 डिग्री वाले टेंपरेचर में बिना किसी रुकावट के चलाने के लिए बनाया गया है।
सेना के पूर्व अधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी
BPCL के अनुसार, इस पहली खेप को लेफ्टिनेंट जनरल मुकेश चड्ढा (AVSM, SM, VSM, DGST) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ऐतिहासिक मौके पर भारतीय सेना, रेलवे और BPCL के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे—जिनमें BPCL के डायरेक्टर (मार्केटिंग) श्री शुवंकर सेन भी शामिल थे। इस डीजल को बीपीसीएल के 'कॉरपोरेट रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर' (CRDC) और बीना रिफाइनरी ने मिलकर स्वदेशी तकनीक से विकसित किया है।
Our sincere gratitude to Hon’ble Minister Shri Hardeep Singh Puri Ji for the encouraging words.
— Bharat Petroleum (@BPCLimited) August 17, 2026
We thank the Ministry of Petroleum & Natural Gas and the Indian Army for providing us with the opportunity to create this extraordinary product, XWG Diesel, to serve our Armed Forces… https://t.co/Pg3DJbLvJa
EWG डीज़ल की मुख्य विशेषताएं क्या हैं?
- इंजन बहुत ज़्यादा ठंड में भी तुरंत स्टार्ट हो जाता है।
- फ़्यूल जमता नहीं है और ज़ीरो से कम तापमान पर भी आसानी से बहता है।
- मुश्किल रास्तों और ज़्यादा ऊंचाई वाली जगहों पर भी इंजन पूरी पावर देता है।
- इंजन की उम्र बढ़ती है और मेंटेनेंस का खर्च कम होता है।
आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ते कदम
BPCL के डायरेक्टर (मार्केटिंग) शुभंकर सेन ने कहा कि यह इनोवेशन 'आत्मनिर्भर भारत' के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का सबूत है। उन्होंने बताया कि इस डीज़ल को देश की रणनीतिक ज़रूरतों को पूरा करने के लिए विकसित किया गया है। वहीं, बीना रिफाइनरी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के. के. दास ने इसे टीमवर्क की जीत बताया और कहा कि रिफाइनरी भविष्य में भी देश की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाला ईंधन बनाती रहेगी।
BPCL में बिज़नेस हेड (इंडस्ट्रियल और कमर्शियल सॉल्यूशंस) मनोज मेनन ने इस बात पर ज़ोर दिया कि बिना किसी रुकावट के सशस्त्र बलों को भरोसेमंद ईंधन उपलब्ध कराना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।
