IPS वीणा कुमारी की SIT खंगालेंगी 'भौकाली मैडम' की कुंडली, ट्रेन से शराब तस्करी का नेटवर्क भी तोड़ेगी
Neha Jha Liquor Smuggling : स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार नेहा झा के मामले की जांच ...और पढ़ें

Swatantrata Senani Express : शराब के साथ गिरफ्तार नेहा झा के खिलाफ एसपी वीणा कुमारी ने एसआईटी का गठन किया
HighLights
नेहा झा की ट्रेन से शराब तस्करी की जांच एसआईटी करेगी।
मुजफ्फरपुर रेल एसपी वीणा कुमारी ने टीम का गठन किया।
नेहा के परिवार के सदस्य भी पहले शराब मामलों में पकड़े गए।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट कूपे से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार नेहा झा के मामले की जांच अब रेलवे की विशेष जांच टीम (एसआईटी) करेगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर रेल एसपी वीणा कुमारी ने एसआईटी का गठन किया है। शराब तस्करी के इस कथित नेटवर्क की जांच की जिम्मेदारी समस्तीपुर के नए रेल डीएसपी को सौंपी गई है।
उनके नेतृत्व वाली टीम में समस्तीपुर रेल थानाध्यक्ष भी शामिल रहेंगे। पुलिस को अब तक मिले इनपुट के आधार पर नेहा के परिवार के कुछ सदस्यों के पूर्व में शराब से जुड़े मामलों में गिरफ्तार होने की जानकारी सामने आई है।
ऐसे में एसआईटी अब मामले को केवल बरामद शराब और दो आरोपितों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखेगी। टीम नेहा के शराब कारोबार से कथित जुड़ाव, उसके संपर्कों, शराब की सप्लाई करने वालों और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल करेगी। यह भी पता लगाया जाएगा कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
एसी फर्स्ट कूपे से हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि शुक्रवार रात नई दिल्ली से दरभंगा जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में संयुक्त कार्रवाई के दौरान नेहा झा को शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था।
आरपीएफ (Railway Protection Force / रेलवे सुरक्षा बल), जीआरपी जीआरपी (Government Railway Police / राजकीय रेलवे पुलिस) और रेलवे की सीआईडी (Crime Investigation Department / अपराध जांच विभाग) टीम की कार्रवाई में एसी फर्स्ट कूपे से उसके पास से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद होने की बात सामने आई थी।
उसके साथ उसकी बड़ी बहन के पति ईशान कुमार को भी गिरफ्तार किया गया था। दोनों को समस्तीपुर जीआरपी ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पिता और बहन भी रह चुके हैं शराब मामले में आरोपित
नेहा के परिवार के सदस्यों का पूर्व में भी शराब से जुड़े मामलों में नाम सामने आ चुका है। उसके पिता संजय कुमार झा खेती-किसानी करते हैं। 15 अगस्त 2024 को सिंघिया पुलिस ने उन्हें शराब से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
वहीं, नेहा की बहन निशु झा को दरभंगा उत्पाद विभाग ने 30 नवंबर 2025 को 21 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया था। उसे भी इस मामले में जेल भेजा गया था।
सूत्रों के अनुसार, निशु के खिलाफ शराब कारोबार से जुड़े पूर्व के मामले भी रहे हैं। अब एसआईटी की जांच से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि नेहा तक शराब की खेप कैसे पहुंची, इसके पीछे कौन लोग हैं और क्या उसका परिवार या अन्य लोग किसी बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हैं।
कौन हैं एसपी वीणा
वीणा कुमारी ने 1999 में पुलिस सेवा शुरू की। प्रशिक्षण के बाद उनकी पहली तैनाती मुंगेर में हुई। लंबे सेवाकाल में उन्होंने हवेली खड़गपुर की एसडीपीओ, गोपालगंज में डीएसपी मुख्यालय और भागलपुर समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई।
दिसंबर 2005 में मुजफ्फरपुर में भी सेवा दी। वर्ष 2009 में विशेष शाखा में महत्वपूर्ण दायित्व संभाला। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस प्रशासन से जुड़े कार्यों में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलती रहीं।
यह भी पढ़ें- नेहा के पिता और बहन भी शराब तस्करी में जा चुके जेल, दिल्ली से फर्स्ट AC में खेप बिहार लाने के केस में खुलासा
यह भी पढ़ें- बिहार की तस्कर मैडम का भौकाल, नई दिल्ली से समस्तीपुर एसी फर्स्ट में बिना टिकट 75 लीटर शराब लेकर पहुंची
