नेहा के पिता और बहन भी शराब तस्करी में जा चुके जेल, दिल्ली से फर्स्ट AC में खेप बिहार लाने के केस में खुलासा
समस्तीपुर में स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कूपे से एक महिला और उसके जीजा को 75 लीटर विदेशी शराब ...और पढ़ें

समस्तीपुर में बैग तलाशी के दौरान खड़ी युवती।
HighLights
महिला और जीजा फर्स्ट एसी में 75 लीटर शराब के साथ पकड़े गए।
नेहा कुमारी बिना टिकट यात्रा कर रही थी, परिवार का पुराना शराब कनेक्शन।
पुलिस मोबाइल चैट से तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। फर्स्ट एसी का कूपे, बिना टिकट सफर और पुलिस के सामने अंग्रेजी में बातचीत कर रौब जमाने की कोशिश...। देखने में यह सफर जितना हाईप्रोफाइल था, उसके पीछे की कहानी उतनी ही चौंकाने वाली निकली।
इतना ही नहीं मामले की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी नेहा झा के पिता और बहन भी शराब तस्करी के मामलों में जेल की हवा खा चुके हैं।
क्या है पूरा मामला?
स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कूपे से 75 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ी गई नेहा कुमारी उर्फ नेहा झा और उसके जीजा ईशान कुमार से पूछताछ में शराब तस्करी के नेटवर्क की कई कड़ियां सामने आई हैं।
करीब 1100 किलोमीटर का सफर तय कर समस्तीपुर पहुंचे दोनों के पास शराब तो थी ही, नेहा के पास यात्रा का वैध टिकट तक नहीं था।
कूपे अंदर से बंद, दरवाजा खुलते ही बहस
गाड़ी संख्या 12562 के एच-वन कोच के कूप संख्या सात में नेहा और ईशान सफर कर रहे थे। वाराणसी रेल मंडल से शराब की खेप की सूचना मिलने के बाद समस्तीपुर कंट्रोल को अलर्ट किया गया था।
ट्रेन के जंक्शन पहुंचते ही आरपीएफ, जीआरपी और सीआइबी की संयुक्त टीम कूपे तक पहुंची। दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कुंडी लगी मिली।
दरवाजा खुलने के बाद नेहा ने पुलिसकर्मियों से तीखी बहस शुरू कर दी। पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराते हुए तलाशी ली तो शराब की बड़ी खेप बरामद हो गई।
शादी का बहाना, जांच में खुली पुरानी कहानी
पूछताछ में नेहा ने दावा किया कि घर में शादी का कार्यक्रम है और उसी के लिए हरियाणा से शराब लेकर दरभंगा जा रही थी। पुलिस को यह कहानी संदिग्ध लगी।
जांच आगे बढ़ी तो परिवार का पुराना शराब कनेक्शन सामने आया। उसके पिता संजय कुमार झा को करीब दो वर्ष पहले शराब मामले में जेल भेजा जा चुका है।
उसकी बहन निशु झा को भी 30 नवंबर 2025 को दरभंगा उत्पाद विभाग ने 21 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया था।
अब मोबाइल खोलेगा तस्करी का राज
पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। सीडीआर और वाट्सएप चैट की जांच की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नेहा के मोबाइल में दरभंगा के कई डॉक्टरों और बड़े कारोबारियों के नंबर भी मिले हैं।
हालांकि, इन संपर्कों का शराब तस्करी से संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हरियाणा से शराब किसके कहने पर खरीदी गई और दरभंगा में इसकी डिलीवरी किसे होनी थी।
फर्स्ट एसी क्यों चुना, इसकी भी पड़ताल
जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि तस्करी के लिए महंगे फर्स्ट एसी कूपे को जानबूझकर चुना गया था या नहीं। पुलिस को आशंका है कि सामान्य चेकिंग से बचने के लिए हाईप्रोफाइल सफर का सहारा लिया गया।
नेहा के परिवार और उसके जीजा के कनेक्शन की भी जांच हो रही है। अब मोबाइल चैट और कॉल डिटेल से शराब की इस खेप के पीछे के असली नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
