विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सास के नाम करोड़ों की जमीन, फ्लैट में 52 लाख कैश; बिहार में EOU के हत्थे चढ़ा 'धनकुबेर' इंजीनियर

Published: Thu, 08 Oct 2026 06:42 PM (IST)

आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मुंगेर के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के पांच ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें 52 ...और पढ़ें

सास के नाम करोड़ों की जमीन, फ्लैट में 52 लाख कैश; बिहार में EOU के हत्थे चढ़ा 'धनकुबेर' इंजीनियर

सास के नाम करोड़ों की जमीन, फ्लैट में 52 लाख कैश; बिहार में EOU के हत्थे चढ़ा 'धनकुबेर' इंजीनियर

HighLights

  1. ईओयू ने मुंगेर के इंजीनियर नारद दास के ठिकानों पर छापा मारा।

  2. छापेमारी में 52 लाख से अधिक नकद और 30 लाख के गहने मिले।

  3. आय से अधिक संपत्ति मामले में करोड़ों की बेनामी संपत्ति उजागर हुई।

राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने गुरुवार को योजना एवं विकास विभाग के मुंगेर में पदस्थापित एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के पांच ठिकानों पर छापामारी की जिसमें 52 लाख से अधिक कैश बरामद हुआ है। यह सभी नोट 500-500 की गड्डी बनाकर रखे थे जिसे गिनने के लिए मशीन मंगाई गई।

ईओयू की टीम ने सुबह-सुबह मुंगेर, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पटना के ठिकानों पर तलाशी ली। इसमें मुजफ्फरपुर के नया टोला के राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट से 50 लाख 50 हजार नकद बरामद किया गया।

वहीं, मुंगेर के बेलन बाजार के किराये के आवास से एक लाख 70 हजार नकद, 30 लाख मूल्य के गहने, हुंडई आइ-10 स्पोट्र्स कार, मोटरसाइकिल बरामद किया गया।

भागलपुर के तिलकामांझी में पैतृक आवास से जमीन खरीद किए जाने से संबंधित दस्तावेज और पांच लाख मूल्य की ज्वेलरी खरीद से संबंधित रसीद बरामद की गई है।

इसके अलावा चार खातों में 17 लाख 15 हजार की राशि जमा मिली है, जिसे ईओयू ने फ्रीज करा दिया है। तलाशी में आदित्य बिराला और जीवन बीमा में निवेश से संबंधित कागजात, विभिन्न बैंकों के पासबुक, चेकबुक आदि भी बरामद किए गए हैं।

ईओयू ने प्राथमिक जांच में इंजीनियर नारद कुमार दास के विरुद्ध 83 लाख 53 हजार रुपये आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का कांड दर्ज करते हुए छापामारी की थी मगर तलाशी के दौरान मिली चल-अचल संपत्ति के बाद इसमें बड़ी वृद्धि होने की संभावना है।

डेढ़ करोड़ की रूपसपुर की जमीन 50 लाख में खरीदी:

ईओयू के अनुसार, इंजीनियर नारद ने इसी साल अपनी सास बीना विद्यार्थी के नाम पर पटना के रूपसपुर थाना अंतर्गत कुसुमपुरम मोहल्ले में चारदीवारी की हुई 3.9 डिसमिल जमीन 50 लाख रुपये में खरीदी है।

इस जमीन का सरकारी मूल्य 68 लाख 41 हजार रुपये है, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य लगभग डेढ़ करोड़ रुपये है।

ईओयू को जांच में पता चला है कि इस जमीन खरीद में कई स्तर पर लेयरिंग करते हुए अभियुक्त की पत्नी के खाते से राशि ट्रांसफर की गई है।

2014 में बने थे सहायक अभियंता, विभाग को ईओयू ने दी जानकारी:

नारद कुमार दास ने वर्ष 2014 में जल संसाधन विभाग, पटना में सहायक अभियंता के रूप में योगदान किया था। वह मूल रूप से भागलपुर के तिलकामांझी थाना अंतर्गत हुनमान पथ के रहने वाले हैं।

वर्तमान में वह योजना एवं विकास विभाग में स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल, मुंगेर में कार्यपालक दंडाधिकारी के रूप में पदस्थापित हैं।

ईओयू ने नारद के विरुद्ध दर्ज कांड और कार्रवाई से उनके पैतृक जल संसाधन विभाग को अवगत करा दिया है। नारद के सुसर सेवानिवृत्त शिक्षक हैं।

इन ठिकानों पर हुई छापामारी:

भागलपुर के तिलकामांझी में हनुमान पथ के पैतृक आवास। मुंगेर के कासिम बाजार थाना अंतर्गत बेलन बाजार, बंगाली टोला के किराये के आवास।

स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल मुंगेर का सरकारी कार्यालय। मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर के नया टोला में राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 2 एफ। पटना के रूपसपुर थाना अंतर्गत कुसुमपुर मुहल्ला।

दस दिन पहले पटना के अफसर दंपती के पास मिले थे 80 लाख नकद

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने दस दिन पहले पटना के अफसर दंपती के ठिकानों पर छापामारी कर करीब 80 लाख रुपये नकद बरामद किया था।

पटना के एडीएम (आपूर्ति) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर की जिला सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के पटना और बेगूसराय के ठिकानों पर छापामारी की गई थी।

इसमें पटना के रूपसपुर में कश्यप ग्रीन सिटी के फ्लैट से 70 लाख से अधिक जबकि बेगूसराय के आवास से नौ लाख से अधिक नकद बरामद किया गया था। इसके अलावा 50 लाख से अधिक के गहने भी बरामद हुए थे।

यह भी पढ़ें- मुंगेर में कार्यपालक अभियंता पर EOU का छापा, 83.53 लाख की अवैध संपत्ति उजागर, किराए के आवास और दफ्तर में भारी खलबली

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में मुंगेर के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ठिकाने पर रेड, 64% अधिक आय से अधिक संपत्ति का खुलासा