विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में मुंगेर के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ठिकाने पर रेड, 64% अधिक आय से अधिक संपत्ति का खुलासा

By Keshav KumarEdited By: Nishant Bharti
Published: Thu, 08 Oct 2026 11:12 AM (IST)

आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मुजफ्फरपुर में मुंगेर के एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के ठिकाने पर छापेमारी की।

एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ठिकाने पर रेड

एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ठिकाने पर रेड

HighLights

  1. आर्थिक अपराध इकाई ने मुंगेर के इंजीनियर के ठिकाने पर छापा मारा।

  2. ज्ञात आय से 64.93% अधिक संपत्ति का प्राथमिक साक्ष्य मिला।

  3. मुजफ्फरपुर सहित कुल पांच ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई।

केशव कुमार, मुजफ्फरपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही जीरो टालरेंस की नीति के तहत आर्थिक अपराध इकाई की विशेष टीम ने मुजफ्फरपुर में बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू की टीम ने काजी मोहम्मदपुर थाना इलाके के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 2 एफ में ताबड़तोड़ छापेमारी की। यह आलीशान फ्लैट मुंगेर में कार्यरत योजना एवं विकास विभाग के एक्सक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास का बताया जा रहा है। 

इंजीनियर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज होने के बाद विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से सर्च वारंट लेकर मुजफ्फरपुर स्थित इस ठिकाने पर दबिश दी गई।

64.93% अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्राथमिक साक्ष्य

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मूल रूप से भागलपुर जिला के तिलकामांझी (हनुमान पथ) के रहने वाले एक्सक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के खिलाफ अपने पद का दुरुपयोग कर काली कमाई करने का मामला दर्ज है। 

ईओयू की जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया है कि इंजीनियर ने अपनी वैध आय से 83,53,200 रुपये (तिरासी लाख तिरपन हजार दो सौ रुपये) अधिक की संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 64.93 प्रतिशत अधिक है। मुजफ्फरपुर का यह फ्लैट भी इसी काली कमाई के जरिए खरीदे जाने का संदेह है।

मुजफ्फरपुर सहित 5 ठिकानों पर एक साथ पड़ी दबिश

पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में मुजफ्फरपुर के नया टोला पहुंची ईओयू की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट को खंगालना शुरू किया। इसके साथ ही ईओयू ने इंजीनियर के चार अन्य ठिकानों पर भी एक साथ छापेमारी की है।

शहर के रिहायशी इलाके में छापेमारी से मचा हड़कंप

मुजफ्फरपुर के व्यस्त और रिहायशी इलाके नया टोला में सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र और सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। अपार्टमेंट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 

टीम फ्लैट के भीतर जमीन, फ्लैट के निवेश से जुड़े दस्तावेज, बैंक लॉकर की चाबियां, बैंक पासबुक और बेनामी संपत्तियों के कागजात खंगाल रही है। इस फ्लैट से कई महत्वपूर्ण सुराग और निवेश के कागजात हाथ लगे हैं, जिनकी स्क्रूटनी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- मुंगेर में कार्यपालक अभियंता पर EOU का छापा, 83.53 लाख की अवैध संपत्ति उजागर, किराए के आवास और दफ्तर में भारी खलबली