विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर में कार्यपालक अभियंता पर EOU का छापा, 83.53 लाख की अवैध संपत्ति उजागर, किराए के आवास और दफ्तर में भारी खलबली

Published: Thu, 08 Oct 2026 10:44 AM (IST)

EOU Raid in Munger: आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मुंगेर में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ भ्रष्टाचार ...और पढ़ें

EOU Raid in Munger:  योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ कार्रवाई।

EOU Raid in Munger: योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ कार्रवाई।

HighLights

  1. ईओयू ने मुंगेर के कार्यपालक अभियंता पर भ्रष्टाचार का शिकंजा कसा।

  2. नारद कुमार दास पर 83.53 लाख की अवैध संपत्ति का आरोप।

  3. मुंगेर सहित चार जिलों के पांच ठिकानों पर हुई छापेमारी।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। EOU Raid in Munger: मुंगेर में पदस्थापित योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू), पटना ने भ्रष्टाचार और काली कमाई के मामले में बड़ा शिकंजा कसा है। गुरुवार की सुबह ईओयू की विशेष टीम ने मुंगेर स्थित उनके किराये के मकान और सरकारी कार्यालय पर एक साथ धावा बोला।

अचानक हुई इस कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक और अभियंत्रण महकमे में जबरदस्त हड़कंप मच गया।ईओयू ने कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ ज्ञात वैध आय स्रोतों से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये की अधिक संपत्ति (डीए) अर्जित करने के मामले में बुधवार (7 अक्टूबर) को ईओयू थाने में कांड संख्या- 28/26 दर्ज किया था।

यह संपत्ति उनके वैध आय से लगभग 64.93 प्रतिशत अधिक आंकी गई है। पटना स्थित निगरानी की विशेष अदालत से तलाशी अधिपत्र (सर्च वारंट) प्राप्त करने के उपरांत पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कोटि के वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में 8 अक्टूबर की सुबह से छापेमारी शुरू की गई।

मुंगेर में किराये के मकान और सरकारी दफ्तर में सघन जांच

नारद कुमार दास वर्ष 2024 से मुंगेर में स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एलएईओ) कार्य प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के रूप में पदस्थापित हैं। इसके साथ ही उनके पास जिला परिषद के कार्यपालक अभियंता का भी अतिरिक्त प्रभार है। गुरुवार सुबह ईओयू की टीम मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलन बाजार बंगाली टोला स्थित उनके किराये के आवास पर पहुंची और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर तलाशी शुरू कर दी।

EOU Raids Munger Executive Engineer Over rs 83 Lakh Illegal Assets (1) 

  • अधिकारी का नाम: नारद कुमार दास (पिता- नगीना दास)।

  • पद व तैनाती: कार्यपालक अभियंता, योजना एवं विकास विभाग, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एलएईओ) कार्य प्रमंडल, मुंगेर (अतिरिक्त प्रभार: जिला परिषद मुंगेर)।

  • मूल निवासी: हनुमान पथ, तिलकामांझी, भागलपुर।

इसके साथ ही जांच टीम ने स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल मुंगेर के सरकारी दफ्तर में भी दबिश दी। दफ्तर में संचिकाओं, टेंडरों के आवंटन, विकास योजनाओं की फाइलों और भुगतान से जुड़े अभिलेखों को सील कर बारीकी से जांच की जा रही है।

 EOU Raids Munger Executive Engineer Over rs 83 Lakh Illegal Assets (2)

गहनों की जांच के लिए मौके पर पहुंचा सोनार 

  • सोनार से कराई जा रही जांच: मुंगेर में आवास से मिले सोने के जेवरातों की शुद्धता (कैरेट) परखने और उनका सही वजन नापने के लिए टीम ने बाजार से विशेष रूप से सोनार को मौके पर बुलवाया।

  • दस्तावेजों की गहन छानबीन: आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम घर के भीतर अलमारियों, लॉकरों और वित्तीय दस्तावेजों के एक-एक पन्ने को बारीकी से खंगाल रही है।

  • इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म: छापेमारी के दौरान आभूषणों के मूल्यांकन के लिए सोनार के पहुंचने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गईं।

  • आधिकारिक खुलासे का इंतजार: तलाशी अभियान के दौरान कुल कितनी नकदी, गहने व संपत्तियां मिली हैं, इसको लेकर जांच टीम के अधिकारियों ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है; कार्रवाई पूरी होने के बाद ही आधिकारिक आंकड़ा सामने आएगा।

  • मुंगेर सहित 4 जिलों के 5 ठिकानों पर एक साथ तलाशी

    ईओयू की यह कार्रवाई केवल मुंगेर तक सीमित नहीं है, बल्कि जांच एजेंसी ने राज्य भर में उनके 5 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापा मारा है। मुंगेर के दो ठिकानों (आवास व कार्यालय) के अलावा टीम ने उनके पैतृक जिले भागलपुर के तिलकामांझी थाना अंतर्गत हनुमान पथ स्थित निजी आवास, मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना अंतर्गत नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 2F तथा पटना के रूपसपुर स्थित कुसुमपुरम मोहल्ले के आवास पर भी एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है।

    जांच के दौरान अचल संपत्तियों के डीड, बैंक खाते, लॉकर, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी से संबंधित दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। ईओयू मुख्यालय के अनुसार, सभी पांचों ठिकानों पर तलाशी अभियान पूर्ण होने के बाद जब्त संपत्तियों, बैंक खातों और काली कमाई का विस्तृत आधिकारिक ब्योरा जारी किया जाएगा। 

    यह भी पढ़ें- इंजीनियर नारद कुमार दास के भागलपुर आवास पर EOU का छापा