थाईलैंड की नई सियासी पहचान: 60 डॉलर की 'कैसियो' घड़ी बनी मंत्रियों और राजनेताओं के बीच स्टेटस सिंबल
थाईलैंड में प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल की तरफ से उपहार में दी गई 60 डॉलर की कैसियो घड़ी राजनेताओं के बीच सत्ता की नजदीकी का नया प्रतीक बन गई है।

'कैसियो' घड़ी थाईलैंड का नया राजनीतिक सिंबल।
HighLights
पीएम अनुतिन की उपहार में दी कैसियो घड़ी बनी स्टेटस सिंबल।
यह सस्ती घड़ी राजनेताओं के बीच सत्ता की नजदीकी दर्शाती है।
राजनीतिक वफादारी और नए गठबंधन की अटकलें तेज हुईं।
डिजिटल डेस्क, बैंकॉक। थाईलैंड की राजनीति में जहां महंगी और ब्रांडेड घड़ियों का शौक पुराना रहा है, वहीं इन दिनों एक अनोखा ट्रेंड चर्चा में है। यहां प्रधानमंत्री की तरफ उपहार में दी जाने वाली करीब 60 डॉलर यानी 5600 रुपये से भी कम कीमत की 'कैसियो' घड़ी राजनेताओं और मंत्रियों के बीच सत्ता की नजदीकी का सबसे बड़ा प्रतीक बन गई है।
इस घड़ी की नई पहचान के मामले को ऐसे मसझिए कि रेट्रो-फ्यूचरिस्टिक डिजाइन वाली इस डिजिटल घड़ी मॉडल Casio AE1200WH पर थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल का नाम खुदा हुआ है। इस घड़ी को 'कैसियो रोयले' नाम दिया गया है।
सत्ता का नया स्टेटस सिंबल
बता दें कि आजकल यह घड़ी देश के कैबिनेट मंत्रियों, वरिष्ठ नौकरशाहों और राजनीतिक सहयोगियों की कलाई पर आसानी से देखी जा सकती है। इसे पहनने वाले नेताओं को राजनीतिक गलियारों में 'कैसियो कनेक्शन' कहा जाने लगा है, जो प्रधानमंत्री के करीब होने का संकेत देता है।
प्रधानमंत्री खुद करते हैं खरीददारी
अच्छा, खास बात यह है कि प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल बैंकॉक या अपने दौरों के दौरान छोटी दुकानों और बाजारों से खुद इन घड़ियों को खरीदते हैं। इसके बाद उन पर अपना नाम खुदवाकर अपने खास सहयोगियों को उपहार में देते हैं।
पीएम से इस घड़ी को उपहार के तौर पर पाने वाले डिप्टी ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर सिरिपोंग अंकासकुलकियात ने बताया कि वे कैबिनेट मीटिंग के बाद से इसे लगभग हर दिन पहनते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस घड़ी के मिलने के बाद उन्होंने हजारों डॉलर की अपनी महंगी लग्जरी घड़ियों को पहनना लगभग बंद ही कर दिया है।
राजनीतिक वफादारी और कड़ियों का जुड़ना
दूसरी तरफ, राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि भले ही ये घड़ियां बहुत महंगी नहीं हैं, लेकिन प्रधानमंत्री का यह निजी तोहफा राजनीतिक हलकों में काफी मायने रखता है। सिंगापुर के 'ISEAS-यूसोफ इशक इंस्टीट्यूट' के फेलो नापोन जातसुरीपिटक के अनुसार, प्रधानमंत्री का यह तोहफा प्राप्तकर्ता के मन में उनके प्रति वफादारी और एहसान का भाव पैदा कर सकता है।
घड़ी और गठबंधन की सुगबुगाहट
इतना ही नहीं इस घड़ी को पाने वालों में वे प्रभावशाली नेता भी शामिल हैं जो प्रधानमंत्री के सत्ताधारी गठबंधन में शामिल होने की जुगत में हैं। इससे राजनीतिक दलों के बीच नए समीकरण बनने की अटकलें तेज हो गई हैं।
थाईलैंड में घड़ियों का पुराना राजनीतिक इतिहास
गौरतलब है कि थाईलैंड के राजनेताओं का महंगी घड़ियों से पुराना नाता रहा है। साल 2017 में तत्कालीन उप-प्रधानमंत्री प्रवित वोंगसुवान को लेकर बड़ा विवाद हुआ था, जब उन पर 10 लाख डॉलर से अधिक मूल्य की 22 लग्जरी घड़ियां रखने के आरोप में एंटी-ग्राफ्ट जांच बैठी थी। हालांकि, उन्होंने दावा किया था कि ये घड़ियाँ उन्होंने एक अमीर दोस्त से उधार ली थीं, जिसके बाद उन्हें क्लीन चिट मिल गई थी।
गौर करने वाली बात यह भी है कि प्रधानमंत्री अनुतिन खुद करीब 1.8 मिलियन डॉलर से अधिक मूल्य की 22 लग्जरी घड़ियों के मालिक हैं और हाल ही में उन्हें रोलेक्स पहने देखा गया था। लेकिन इन सबके बीच 60 डॉलर वाली यह आम कैसियो घड़ी इस समय थाईलैंड की राजनीति में सबसे बड़ा 'पावर सिंबल' बन चुकी है।
