विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल के बाद चीन में आया फ्लैश फ्लड, 30 सेकेंड में ढह गई तीन मंजिल इमारत; 2500 लोग स्कूल में फंसे

Published: Thu, 03 Sep 2026 09:07 PM (IST)Updated: Thu, 03 Sep 2026 09:12 PM (IST)

चक्रवात 'सॉडेल' ने पूर्वी चीन के फ़ुजियान और झेजियांग प्रांतों में भारी तबाही मचाई।

HighLights

  1. पूर्वी चीन में चक्रवात 'सॉडेल' ने मचाई भारी तबाही

  2. फ़ुजियान में तीन मंजिला इमारत ढही, 2500 छात्र फंसे

  3. बाढ़ के कारण 2.4 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गुरुवार को पूर्वी चीन के फुजियान शहर में चक्रवात 'सॉडेल' ने काफी तबाही मचाई। अधिकारियों ने बताया कि तूफान की वजह से स्कूल बंद कर दिए और फेरी सेवाएं रोक दीं गईं। चक्रवात की वजह से इलाके में भारी बारिश हुई। जिसके चलते बाढ़ और लैंडस्लाइड की चेतावनी जारी की गई।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी CCTV की रिपोर्ट के मुताबिक, फुजियान के तट पर कुल 24 फेरी रूट बंद कर दिए गए। जियानयू काउंटी में भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ में तीन मंजिला इमारत गिर गई।

चीन में चक्रवात 'सॉडेल' ने मचाई तबाही

चक्रवात 'सॉडेल' ने पहले पड़ोसी झेजियांग प्रांत में दो बार दस्तक दी और दक्षिण चीन सागर के ऊपर फिर से मजबूत होने के बाद फुजियान के झांगझोउ में जमीन से टकराया। अनुमान है कि यह तूफान पश्चिम की ओर ग्वांगडोंग बढ़ेगा और शुक्रवार तक फुजियान और ग्वांगडोंग में भारी बारिश करेगा।

CCTV की रिपोर्ट के मुताबिक, झेजियांग के वेनझोउ में बुधवार को भारी बारिश की वजह से निचले इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे 2500 से ज्यादा शिक्षक और छात्र एक स्कूल परिसर में फंस गए। अधिकारियों ने फंसे हुए लोगों तक खाना और पीने का पानी पहुंचाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया।

2.4 लाख लोगों को सुरक्षित निकाला गया

चीन के फूजियान प्रांत के फूडिंग शहर में भारी बाढ़ के कारण निचले इलाकों में गाड़ियां डूब गईं और चारों तरफ मलबा फैल गया। गंभीर खतरे को देखते हुए शहर में कामकाज, कंपनी और स्कूल पूरी तरह बंद कर दी गईं।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जोखिम वाले इलाकों से लगभग 2,47,700 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। हाल के महीनों में चीन को अचानक आई बाढ़ और तूफानों जैसी कई भीषण प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ा है।

यह भी पढ़ें- चीन का 'ग्रे-जोन' गेम: भारत को हथियारबंद सह-अस्तित्व के लिए क्यों तैयार रहना चाहिए?