अमेरिका में गोपनीय जानकारी लीक होने पर पेंटागन का बड़ा कदम, 50 अधिकारियों का कराया पॉलीग्राफ टेस्ट
अमेरिका में ईरान युद्ध और हथियारों के भंडार से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने के बाद पेंटागन ने ज्वाइंट स्टाफ के 50 सदस्यों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया है।

अमेरिकी रक्षा मंत्रालय।
HighLights
पेंटागन ने 50 ज्वाइंट स्टाफ सदस्यों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया।
ईरान युद्ध और हथियार भंडार की गोपनीय जानकारी लीक हुई थी।
यह जांच लीक रोकने और पहचान करने का असाधारण कदम।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। ईरान युद्ध और अमेरिका के हथियारों के भंडार में कमी से जुड़ी गोपनीय जानकारियां मीडिया में लीक होने के मामले में अमेरिका में ज्वाइंट स्टाफ के करीब 50 सदस्यों का पालीग्राफ टेस्ट (झूठ पकड़ने वाला टेस्ट) कराया गया है।
इस कदम का मकसद न सिर्फ उन लोगों की पहचान करना है जिन्होंने शायद जानकारी लीक की हो, बल्कि दूसरे कर्मियों को भी गोपनीय जानकारी पत्रकारों को लीक करने से रोकना है।
करीब 1,500 से 2,000 अधिकारी और कर्मचारी ज्वाइंट स्टाफ में काम करते हैं, जो दुनियाभर में अमेरिकी सैन्य अभियानों और युद्ध योजनाओं के समन्वय का काम करता है।
द न्यूयार्क टाइम्स ने इस मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों के हवाले से बताया है कि पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान लंबी दूरी की मिसाइलों और पैट्रियट मिसाइलों के इंटरसेप्टर जैसे अहम हथियारों के भंडार में कमी की जानकारी सामने आने के बाद अगस्त में यह पालीग्राफ टेस्ट करवाया गया था।
यह जांच पेंटागन की ओर से उठाया गया एक असाधारण कदम है। इस दौरान जांचकर्ताओं ने ज्वाइंट स्टाफ के सैन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछा कि क्या उन्होंने पत्रकारों को गोपनीय जानकारी दी थी और क्या उन्होंने अमेरिका के कम होते हथियारों के भंडार के बारे में जानकारी साझा की थी।
आधुनिक इतिहास में अमेरिकी सेना के शीर्ष अधिकारियों के बड़े पैमाने पर पालीग्राफ टेस्ट कभी नहीं किए गए हैं।पेंटागन के प्रवक्ता शान पार्नेल ने कर्मचारियों से जुड़े अंदरूनी मामलों या जांच से जुड़े मुद्दों पर कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया, लेकिन साथ ही उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने के मामले को गंभीरता से लिया जाता है।
