विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वर्दी के साथ भक्ति का रंग, थानों में सजे मां काली के दरबार; ड्यूटी के बीच मां की आराधना करेंगे पुलिसकर्मी

Published: Sat, 07 Nov 2026 11:38 PM (IST)

सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के विभिन्न थानों में इस बार भी काली पूजा धूमधाम से मनाई जाएगी, जिसमें पुलिसकर्मी, उनके परिवार और स्थानीय लोग मिलकर मां काली की आराधना करेंगे।

काली पूजा के उपलक्ष्य में प्रधान नगर थाने में की गई भव्य सजावट।

काली पूजा के उपलक्ष्य में प्रधान नगर थाने में की गई भव्य सजावट।

HighLights

  1. सिलीगुड़ी के विभिन्न थानों में धूमधाम से मनाई जाएगी काली पूजा।

  2. पुलिसकर्मी, परिवार और स्थानीय लोग मिलकर करेंगे मां काली की आराधना।

  3. पंडाल निर्माण, सजावट और प्रसाद वितरण की तैयारियां पूरी।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के विभिन्न थानों में इस बार भी काली पूजा धूमधाम से मनाई जाएगी। पुलिसकर्मी केवल कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी ही नहीं निभाएंगे, बल्कि स्वजन और आसपास के लोगों के साथ मिलकर मां काली की आराधना भी करेंगे। माटीगाड़ा, बागडोगरा, भक्तिनगर समेत शहर के विभिन्न थानों और दार्जिलिंग जिले के अन्य थाना परिसरों में पूजा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

थाना परिसरों में स्थित काली मंदिरों की साफ-सफाई के साथ पंडाल निर्माण और सजावट का काम पूरा हो चुका है। रंग-बिरंगी रोशनी से थानों के परिसर और आसपास के रास्तों को सजाया गया है। पूजा के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार, रविवार को माटीगाड़ा समेत विभिन्न थानों में सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा पूजा का उद्घाटन करेंगे। अलग-अलग थाना परिसरों में पुलिसकर्मियों के परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों की भागीदारी से पूजा आयोजित की जा रही है।

माटीगाड़ा थाना में थाना मोड़ काली पूजा कमेटी, मेडिकल आउट पोस्ट में मेडिकल फाड़ी आवासिक वृंद, बागडोगरा थाना में बागडोगरा थाना पाड़ा पूजा कमेटी तथा न्यू जलपाईगुड़ी थाना में एनजेपी थाना पूजा कमेटी की ओर से आयोजन किया जा रहा है। इसी तरह प्रधान नगर थाना में प्रधान नगर थाना आवासिक काली पूजा कमेटी और भक्तिनगर थाना में आवासिक काली पूजा कमेटी पूजा की जिम्मेदारी संभाल रही है।

पुलिसकर्मियों के परिवारों के साथ आसपास के लोग भी आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। थाना परिसर में पूजा आयोजित होने के कारण पुलिस प्रशासन की ओर से भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया जा रहा है।

रविवार रात मां काली की पूजा संपन्न होने के बाद सोमवार को विभिन्न थाना परिसरों में श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित पूजा कमेटियों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। प्रसाद वितरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। पूजा के माध्यम से पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता का भी परिचय देंगे।

थानों में काली मंदिर स्थापना की परंपरा पुरानी

थाना परिसरों में काली मंदिरों की स्थापना के पीछे कई पुरानी मान्यताएं और कहानियां प्रचलित हैं। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, पुराने समय में डकैत किसी वारदात को अंजाम देने से पहले मां काली का आशीर्वाद लेकर निकलते थे। इसी तरह पुलिसकर्मी भी किसी अभियान या छापेमारी पर जाने से पहले थाना परिसर स्थित काली मंदिर में पूजा-अर्चना करते थे और जयघोष के साथ रवाना होते थे।

मान्यता थी कि मां काली की आराधना से पुलिसकर्मियों का भय दूर होता था और उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करने का साहस मिलता था। इसी परंपरा के चलते थानों में काली मंदिर स्थापित किए जाने का चलन शुरू हुआ।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।