बंगाल में नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, एक हफ्ते के विशेष अभियान में 64 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त; 378 गिरफ्तार
बंगाल सरकार ने एक सप्ताह के विशेष अभियान में 64 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए और 378 लोगों ...और पढ़ें

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
एक सप्ताह में 64 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त हुए।
अभियान में 378 लोग गिरफ्तार, 212 मामले दर्ज किए गए।
300 बीघा गांजे की खेती नष्ट, 1 करोड़ संपत्ति जब्त।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ राज्य सरकार ने एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाया। 31 अक्टूबर से सात नवंबर 2026 तक चले इस अभियान में पुलिस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत 212 मामले दर्ज कर 378 लोगों को गिरफ्तार किया।
इस दौरान करीब 64 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए। साथ ही 17 लाख रुपये नकद भी बरामद हुए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट में अभियान की उपलब्धियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, अभियान के दौरान पहले जब्त किए गए करीब 101 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का निस्तारण भी किया गया। इसके अलावा राज्य में लगभग 300 बीघा जमीन पर अवैध रूप से की जा रही गांजे की खेती को नष्ट किया गया। इससे करीब 10,000 किलोग्राम गांजे की संभावित पैदावार को रोका गया।
अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर भी कार्रवाई
नशे के अवैध कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। इसके अलावा 110 आरोपितों के खिलाफ 68 वित्तीय जांच शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए 215 जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
शुभेंदु ने कहा कि राज्य सरकार मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि नशामुक्त भारत अभियान के अनुरूप बंगाल को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस का प्रयास जारी रहेगा।