बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद पुरी के शंकराचार्य 19 जुलाई को कोलकाता में विशाल धर्मसभा को करेंगे संबोधित
पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती 19 जुलाई को कोलकाता में एक विशाल धर्मसभा को संबोधित करेंगे। ...और पढ़ें
-1784137931391_m.webp)
19 जुलाई को कोलकाता में शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती की विशाल धर्मसभा (जागरण)
HighLights
पुरी के शंकराचार्य 19 जुलाई को कोलकाता में धर्मसभा करेंगे।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मंत्रिमंडल सदस्य आमंत्रित किए गए हैं।
बंगाल में नई सरकार के बाद शंकराचार्य का पहला दौरा।
राजीव कुमार झा, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद गोवर्द्धन पीठ, पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज की उपस्थिति में 19 जुलाई, रविवार को कोलकाता में विशाल धर्मसभा का आयोजन होने जा रहा है।
कोलकाता के अलीपुर स्थित धनधान्य ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस धर्मसभा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से लेकर राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया है।
पहली बार कोलकाता आ रहे शंकराचार्य
कोलकाता प्रेस क्लब में बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में शंकराचार्य के आनंद वाहिनी की राष्ट्रीय महामंत्री निभा प्रकाश और आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव व शंकराचार्य के शिष्य शंभू नाथ झा ने इसकी जानकारी दी।
निभा प्रकाश ने बताया कि बंगाल में नई सरकार बनने के बाद शंकराचार्य पहली बार कोलकाता के दौरे आ रहे हैं। रविवार शाम पांच बजे से शुरू होने वाले इस धर्म सभा को शंकराचार्य संबोधित करेंगे। धर्मसभा के आयोजक आनंद वाहिनी है।
-1784137994568.jpg)
निभा प्रकाश के मुताबिक, बंगाल में पहली बार ऐसी सरकार बनी है, जो धार्मिक आस्था में विश्वास करती है और धर्म के पथ पर चलती दिखाई दे रही है।
ऐसे में कोलकाता में पहली बार शंकराचार्य की उपस्थिति में इस तरह की धर्म सभा का आयोजन होने जा रहा है। उनके मुताबिक, धर्म सभा में पूरे बंगाल से बड़ी संख्या में हिंदू सनातनी हिस्सा लेंगे। झा ने बताया कि शंकराचार्य कोलकाता के तीन दिवसीय प्रवास पर 18 जुलाई की सुबह ट्रेन के माध्यम से हावड़ा के शालीमार स्टेशन पहुंचेंगे।
कोलकाता के अलीपुर में वेलवेडियर रोड स्थित सुभाष अग्रवाल के घर शंकराचार्य ठहरेंगे। इन तीन दिवसीय प्रवास के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संवाददाता सम्मेलन के दौरान सुभाष अग्रवाल और श्रेया नाथ सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।