विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेसी की टीम का बड़ा आरोप, पूर्व तृणमूल अरूप विश्वास मंत्री के कारण कोलकाता में मची थी अराजकता

Updated: Wed, 17 Jun 2026 06:39 PM (IST)

मेसी के कोलकाता दौरे पर हुए हंगामे को लेकर नया खुलासा हुआ है, जिसमें उनके सलाहकार ने तत्कालीन खेल मंत्री अरूप विश्वास को जिम्मेदार ठहराया है।

मेसी की टीम का बड़ा आरोप। (फाइल)

मेसी की टीम का बड़ा आरोप। (फाइल)

HighLights

  1. मेसी के सलाहकार ने अरूप विश्वास को ठहराया जिम्मेदार।

  2. मंत्री के अनधिकृत कदमों से मेसी टीम हुई नाराज।

  3. कोलकाता हाई कोर्ट ने अरूप विश्वास को दी अंतरिम राहत।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी के छह महीने पहले हुए कोलकाता दौरे के दौरान साल्टलेक स्टेडियम में मची भगदड़ और अराजकता को लेकर एक नया और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। मेसी के साथ भारत आए उनके एक मुख्य सलाहकार ने बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट को ईमेल भेजकर इस पूरे घटनाक्रम के लिए बंगाल के तत्कालीन खेल मंत्री अरूप विश्वास को जिम्मेदार ठहराया है।

रिपोर्ट के अनुसार, ईमेल में आरोप लगाया गया है कि मंत्री अरूप विश्वास ने कार्यक्रम के तय शेड्यूल से बाहर जाकर कई अनधिकृत कदम उठाए। उन्होंने न केवल मेसी के कंधे और कमर को छुआ, बल्कि बिना अनुमति के अपने करीबी लोगों को मैदान पर ले आए और तस्वीरें खिंचवाईं।

इस वीवीआईपी हंगामे और अव्यवस्था से नाराज होकर मेसी और उनकी टीम निर्धारित समय से पहले ही स्टेडियम छोड़कर चली गई थी। इस ईमेल ने कार्यक्रम के मुख्य आयोजक शतद्रु दत्ता को पूरी तरह निर्दोष बताया है, जो इस मामले में एक महीने से अधिक समय तक पुलिस हिरासत में रहे थे।

अरूप विश्वास की बढ़ीं मुश्किलें

इस बीच, पूर्व मंत्री अरूप विश्वास की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए तीसरा समन जारी किया है, लेकिन वे बीमारी का हवाला देकर अब तक लापता हैं।

दूसरी ओर, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने अरूप विश्वास को 17 अगस्त तक दंडात्मक कार्रवाई से अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है, जिसे शतद्रु दत्ता ने खंडपीठ में चुनौती दी है। ज्ञात हो कि इस घटना से राज्य सरकार को भारी फजीहत झेलनी पड़ी थी, जिसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मेसी से माफी भी मांगी थी।

यह भी पढ़ें- भारी भीड़ को देखते हुए CM शुभेंदु का बड़ा एलान, जन-कल्याण शिविरों की अवधि एक दिन बढ़ाई