विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में तेज आंधी-बारिश का कहर, कोलकाता एयरपोर्ट पर विमान सेवा प्रभावित; ट्रेनों के संचालन पर असर

Published: Fri, 29 May 2026 05:14 PM (IST)

कोलकाता और दक्षिण बंगाल में शुक्रवार को तेज आंधी और मूसलाधार बारिश हुई, जिससे हवाई व ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं।

कोलकाता में तेज आंधी-बारिश

कोलकाता में तेज आंधी-बारिश

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने और उमस भरी गर्मी के बाद दोपहर ढलते ही शहर में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई।

PTI05_29_2026_000160A

कोलकाता में तेज आंधी-बारिश

कोलकाता में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली। खराब मौसम के कारण करीब एक घंटे तक कोलकाता हवाई अड्डे पर विमान सेवा प्रभावित रही। वहीं, मध्यग्राम स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर पेड़ गिरने से बनगांव शाखा में कुछ समय तक ट्रेन परिचालन बाधित हुआ।

कोलकाता के साथ-साथ हावड़ा और हुगली में भी तेज बारिश और आंधी चली। अलीपुर मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के छह जिलों में खराब मौसम को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका जताई गई है।

PTI05_26_2026_000553A

छह जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने दोपहर दो बजे के बाद कोलकाता, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की थी। इसके बाद शहर के विभिन्न इलाकों में तेज गर्जना और बिजली चमकने के साथ बारिश शुरू हुई। साल्टलेक, धर्मतला, जादवपुर और बराहनगर समेत कई इलाकों में दिन में ही अंधेरा छा गया। हालात ऐसे बने कि वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सड़क पर चलना पड़ा।

तेज आंधी के कारण शहर के कई हिस्सों में पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गए। एसएसकेएम अस्पताल के पास मैदान इलाके में पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। रासबिहारी, रवीन्द्र सरोवर, नेताजी नगर, टालिगंज, हरिश मुखर्जी रोड, रिपन स्ट्रीट, पार्क स्ट्रीट मल्लिक बाजार और एजेसी बोस रोड पर भी पेड़ गिरने की खबर है। कई स्थानों पर होर्डिंग और पोस्टर फटकर सड़क पर आ गिरे। उत्तर और मध्य कोलकाता के कुछ हिस्सों में जलजमाव की स्थिति बन गई। चांदनी चौक और ठनठनिया इलाके की सड़कों पर पानी भर गया।

PTI05_26_2026_000555A

साउथ सिटी माल में शीशा टूटने से भीतर बारिश का पानी घुस गया। दक्षिण कोलकाता के ब्रीजी इलाके में क्षुदिराम मेट्रो स्टेशन की छत का एक हिस्सा टूटकर गिर पड़ा, जिससे स्टेशन के भीतर पानी टपकने लगा। हालांकि गर्मी की छुट्टियों के कारण स्कूल-कालेज बंद रहने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

अगले कुछ दिनों तक बारिश

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार दोपहर पूर्व बर्धमान, हावड़ा, हुगली, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम में भी तेज आंधी-बारिश की आशंका है। इन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, नदिया जिले में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से दक्षिण बंगाल के लोग परेशान थे। पश्चिमी जिलों में गर्मी को लेकर चेतावनी भी जारी की गई थी।

मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को भी दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। रविवार से बुधवार तक कुछ जिलों में छिटपुट बारिश जारी रह सकती है, हालांकि शनिवार के बाद आंधी-बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी।

PTI05_26_2026_000554B

मौसम विभाग का कहना है कि इस बारिश के कारण दक्षिण बंगाल के तापमान में अगले कुछ दिनों में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है। वहीं, उत्तर बंगाल में पिछले कई सप्ताह से लगातार भारी बारिश हो रही है। दार्जिलिंग और कालिम्पोंग समेत पहाड़ी जिलों में अब बारिश और आंधी का असर पहले की तुलना में कुछ कम हुआ है, लेकिन बारिश का सिलसिला अभी थमा नहीं है।

यह भी पढ़ें- Monsoon Alert 2026: एल नीनो से बिगड़ेगा मौसम, बिहार में बारिश के लिए तरसेंगे किसान