कोलकाता में लैंडिंग से पहले पायलट की आंखों पर पड़ी लेजर बीम, आसमान में अटकी 159 यात्रियों की सांसें
कुआलालंपुर से कोलकाता आ रही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान MH-184 की लैंडिंग में लेजर बीम के कारण देरी हुई, जिससे पायलट की दृष्टि प्रभावित हुई। ...और पढ़ें
-1786270578727_m.webp)
HighLights
मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान लैंडिंग के दौरान लेजर बीम से प्रभावित हुई।
पायलट की दृष्टि बाधित होने से विमान को चक्कर लगाने पड़े।
सभी यात्री सुरक्षित, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मलेशिया एयरलाइंस की कुआलालंपुर से कोलकाता आ रही उड़ान शनिवार रात लेजर बीम की चपेट में आने के बाद कुछ देर तक आसमान में चक्कर लगाती रही। विमान में 159 यात्री सवार थे। पायलट को लेजर की तेज रोशनी से कुछ क्षण के लिए परेशानी हुई, जिसके कारण निर्धारित समय पर विमान को उतारना संभव नहीं हो सका। हालांकि बाद में विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे।
फ्लाइट एमएच-184 को रात 11:20 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरना था। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, रनवे से करीब आठ नाटिकल मील पहले विमान के काकपिट की ओर मध्यमग्राम-बारासात की दिशा से तेज लेजर बीम चमकती दिखाई दी।
रोशनी सीधे पायलट की आंखों पर पड़ी, जिससे उनकी दृष्टि प्रभावित हुई और वे कुछ समय के लिए विचलित हो गए। स्थिति को देखते हुए विमान ने तत्काल लैंडिंग नहीं की और आसमान में चक्कर लगाने के बाद दोबारा लैंडिंग की प्रक्रिया शुरू की। विमान रात करीब 11:25 बजे सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतर गया।
एयरपोर्ट प्रशासन ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद मलेशिया एयरलाइंस की ओर से एयरपोर्ट अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। एयरपोर्ट प्रबंधन ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एयरपोर्ट निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि हवाईअड्डे के आसपास लेजर लाइट का इस्तेमाल प्रतिबंधित है।
खबरें और भी
इसके बावजूद कभी-कभी ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, जो विमान संचालन के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं। पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है और जांच की जा रही है।
पायलटों की ओर से पहले भी टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान लेजर बीम से परेशानी की शिकायतें सामने आती रही हैं। 2025 के दुर्गा पूजा के दौरान श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब के पंडाल के पास लेजर लाइट के इस्तेमाल को लेकर भी पायलटों ने चिंता जताई थी, जिसके बाद लेजर शो बंद कर दिया गया था।
तीव्र लेजर बीम पायलट की दृष्टि को कुछ समय के लिए बाधित कर सकती है। खासकर टेकआफ और लैंडिंग जैसे बेहद संवेदनशील चरणों में ऐसी रोशनी विमान की सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकती है।
यह भी पढ़ें- मलेशिया से कोच्चि आ रही फ्लाइट में हंगामा: यात्री ने तोड़ा विंडो पैनल, इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश