मलेशिया से कोच्चि आ रही फ्लाइट में हंगामा: यात्री ने तोड़ा विंडो पैनल, इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश
मलेशिया से कोच्चि आ रही 'बाटिक एयर' की फ्लाइट में एक यात्री ने हवा में इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की, जिसे अन्य यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने सूझबूझ स ...और पढ़ें

HighLights
फ्लाइट में यात्री ने इमरजेंसी गेट खोलने का प्रयास किया।
यात्रियों और क्रू ने मिलकर आरोपी को काबू किया।
कोच्चि एयरपोर्ट पर उतरते ही आरोपी गिरफ्तार हुआ।
डिजिटल डेस्क, कोच्चि। मलेशिया के कुआलालंपुर से कोच्चि आ रही बाटिक एयर एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने बीच हवा में विमान का एमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की। गनीमत यह रही कि समय रहते अन्य यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना बुधवार रात बाटिक एयर की फ्लाइट (OD231) की है। आरोपी की पहचान पलक्कड़ के रहने वाले जमशीर के रूप में हुई है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे से 11:05 बजे के बीच जब विमान हवा में था, तब जमशीर ने एमरजेंसी गेट के अंदरूनी हिस्से के शीशे को तोड़ दिया और दरवाजे को जबरन खोलने की कोशिश की। इस दौरान उसने फ्लाइट में मौजूद यात्रियों और क्रू मेंबर्स को डराया-धमकाया भी।
हवा के दबाव के कारण नहीं खुला दरवाजा
मिली जानकारी के अनुसार विमान की केबिन प्रेशर (हवा के दबाव) और डिजाइन के कारण दरवाजा नहीं खुल पाया। इसके तुरंत बाद यात्रियों और स्टाफ ने मिलकर उसे काबू में कर लिया। गुरुवार तड़के फ्लाइट के कोच्चि एयरपोर्ट पर उतरते ही केरल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एयरलाइन के सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक धमकी देने BNS की धारा 351(3)), विमान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने Aircraft Act की धारा 11A और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने केरलम पुलिस एक्ट की धारा 118(e)) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
खबरें और भी
यात्रियों ने बयां किया खौफनाक मंजर
फ्लाइट में सफर कर रहे मैटी मैथ्यू नाम के एक यात्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए इस भयानक अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि ज्यादातर यात्री सो रहे थे, तभी अचानक केबिन में तेज हवा की आवाज से उनकी आंख खुली। उन्होंने देखा कि इमरजेंसी सीट पर बैठा एक यात्री खिड़की तोड़कर दरवाजे के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। मैथ्यू ने लिखा कि यह बेहद डरावना अनुभव था, लेकिन सबकी सूझबूझ से सभी सुरक्षित हैं।
एयर इंडिया की फ्लाइट में भी हुआ था हादसा
बता दें कि यह घटना हाल ही में हुई एक अन्य एयरलाइंस की घटना के ठीक दो दिन बाद सामने आई है। मंगलवार को फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI2379) में सफर के दौरान अचानक हवा में ही विमान की ऊंचाई कम होने लगी थी, जिससे उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई थी। इस विमान में 137 यात्री और 8 क्रू मेंबर सवार थे, जो बाद में सुरक्षित दिल्ली उतर गए।