तीन दिन बाद भी बांग्लादेश के कब्जे में भारतीय किसान, IND-BAN बॉर्डर पर बढ़ा तनाव
भारतीय चाय किसान दीपंकर गोप को बांग्लादेशी बदमाशों ने अगवा कर लिया था और अब वह बांग्लादेश पुलिस की हिरासत में है। ...और पढ़ें
-1786458488864_m.webp)
भारतीय किसान को लाने का किया जा रहा प्रयास (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
भारतीय किसान दीपंकर गोप बांग्लादेश पुलिस की हिरासत में।
बीएसएफ के प्रयास विफल, परिवार और स्थानीय लोग चिंतित।
वायरल वीडियो में घुसपैठिए के बदले रिहाई का दावा।
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी। बांग्लादेशी बदमाशों द्वारा अपहृत चाय किसान दीपंकर गोप को भारत वापस लाने में बीएसएफ अभी तक सफल नहीं हो पाई है।
इस मुद्दे पर बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड (बीजीबी) के साथ फ्लैग मीटिंग करने की कोशिश फेल हो गई है। शनिवार को हुई इस घटना के तीन दिन बीत गए हैं।
अभी भी बांग्लादेश में भारत का किसान
किसान बांग्लादेश के पंचगढ़ पुलिस के कब्जे में है। भारत में उसके स्वजन की नींद हराम है। सीमा पर भी आतंक का माहौल है। स्वजन ने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है। यह घटना बंगाल में जलपाईगुड़ी जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा की है।
जलपाईगुड़ी के सांसद डॉ. जयंत राय ने आश्वासन दिया है कि दीपंकर गोप को बहुत जल्दी भारत लाएंगे। सांसद इस समय दिल्ली में हैं। उन्होंने टेलीफोन पर बताया कि बीएसएफ पूरे मामले पर नजर रखे हुए है और केंद्र सरकार से भी इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है।
मंगलवार को सीमांत चेतना मंच के तीन सदस्य दीपंकर गोप के घर पहुंचे। स्वजन ने उनको बताया कि बेटे के विदेश में अपहरण के बाद उनकी रातों की नींद उड़ गई है।
इस बीच, सीमांत इलाके के लोग भी चिंतित और आतंकित हैं। अपनी ही जमीन पर जाने से लोग डर रहे हैं। इन लोगों ने बीएसएफ से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
हालांकि बीएसएफ ने कांटेदार तार के घेरे के उस पार भारतीय सीमा क्षेत्र में किसी भी काम पर रोक लगा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कांटा तार के पार मजदूरी करने वाले कई परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
र के मारे वहां काम करने जाना नहीं चाहते। अभी काम पर भी रोक है। स्थानीय लोग बार-बार सरकार और बीएसएफ से राजनयिक स्तर पर दबाव बढ़ाने की अपील कर रहे हैं ताकि दीपंकर जल्द स्वदेश लौट सके।
इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल
दूसरी ओर,इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि बांग्लादेश एक बुजुर्ग बांग्लादेशी घुसपैठिए को वापस करने के बदले दीपंकर को छोड़ सकता है।
दीपंकर के बयान के आधार पर उसकी पत्नी ने भी भारत सरकार तक यह संदेश पहुंचाया है। बांग्लादेश की सीमा रक्षक बल बीजीबी ने दीपंकर गोप को पंचगढ़ जिले की पुलिस के हवाले कर दिया है। उसे घुसपैठिया बताकर गिरफ्तार किया गया है। वर्तमान में वह बांग्लादेश के पंचगढ़ पुलिस के कब्जे में है।