विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: सियालदह यार्ड में ट्रैक उन्नयन कार्य पूरा, रेल परिचालन होगा अधिक सुरक्षित

Published: Sun, 06 Sep 2026 08:52 PM (IST)

पूर्व रेलवे ने सियालदह यार्ड में ट्रैक नवीनीकरण और आधुनिकीकरण का महत्वपूर्ण कार्य समय से पहले पूरा कर लिया है। ...और पढ़ें

सियालदह यार्ड में ट्रैक उन्नयन कार्य पूरा।

सियालदह यार्ड में ट्रैक उन्नयन कार्य पूरा।

HighLights

  1. सियालदह यार्ड में ट्रैक नवीनीकरण कार्य पूरा हुआ।

  2. कार्य निर्धारित समय से पहले सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

  3. इससे रेल सुरक्षा और परिचालन क्षमता में सुधार होगा।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। पूर्व रेलवे ने सियालदह यार्ड में ट्रैक नवीनीकरण और आधुनिकीकरण का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया है। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक (जीएम) गीतिका पांडेय के मार्गदर्शन और सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजीव सक्सेना के पर्यवेक्षण में यह कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा किया गया।

पूर्व रेलवे द्वारा रविवार को एक बयान में बताया गया कि निर्धारित ट्रैफिक ब्लाक के दौरान इस कार्य को अंजाम दिया था। ट्रैफिक ब्लाक रात्रि 12 बजे से सुबह सात बजे तक था, लेकिन कार्य सुबह 6:40 बजे ही पूरा कर ब्लाक को रद कर दिया गया।

सियालदह स्टेशन की सीमा के अंतर्गत डाउन मेन लाइन पर किए गए कार्य में प्वाइंट संख्या 208ए/209बी (डबल स्लिप स्विच) और 206बी (1 इन 8.5 टर्नआउट) को 52 किलोग्राम से 60 किलोग्राम रेल में बदला गया।

इसके साथ ही 112 मीटर नई रेललाइन बिछाई गई और 6.5 मीटर के छह प्रीफैब्रिकेटेड 60 किलोग्राम ग्लूड इंसुलेटेड रेल जाइंट लगाए गए। सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग ने तीन प्वाइंट मोटरों को भी नए मानक के अनुरूप बदला।

कार्य में 80 श्रमिक, छह बैच के फिटर्स, छह विभागीय फिटर्स और 42 ट्रैकमैन समेत पर्याप्त मानव संसाधन लगाया गया। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शिबराम माझी ने कहा कि इस उन्नयन का उद्देश्य सियालदह जैसे अत्यंत व्यस्त टर्मिनल यार्ड में रेल सुरक्षा बढ़ाने के साथ परिचालन क्षमता में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि पूर्व रेलवे सुरक्षित, विश्वसनीय और सुचारु रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए लगातार काम कर रहा है।