टिहरी: नरेंद्रनगर पालिका अध्यक्ष बने भाजपा के राजेंद्र पंवार, कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद
नरेंद्रनगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा के राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सिंह गुसाईं ...और पढ़ें

नगर पालिका नरेंद्रनगर में अध्यक्ष पद पर निर्विरोध जीत के बाद राजेंद्र पंवार को बधाई देते भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत। सुधि पाठक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई टिहरी। नगर पालिका नरेंद्रनगर के सामान्य निर्वाचन में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस-भाजपा का आमने-सामने का चुनावी रण समाप्त हो गया है। निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सिंह गुसाईं का नामांकन पत्र निरस्त कर दिया है।
इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशी और पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। वहीं, अब निकाय चुनाव में मतदान की तिथि नौ जून को केवल पालिका के सात वार्डों में मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराया जाएगा।
नगर पालिका नरेंद्रनगर में अध्यक्ष पद के चुनावी रण में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है। खास बात यह है कि इस बार वह निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
निकाय चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. डीके शर्मा ने बताया कि अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार और कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सिंह गुसाईं ने नामांकन किया था।
नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ स्थानीय लोगों ने जिला बाल कल्याण समिति, टिहरी गढ़वाल में सदस्य पद पर आसीन होने का हवाला देते हुए आपत्ति दर्ज कराई थी।
जिस पर कांग्रेस प्रत्याशी से रविवार तक स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से तथ्यात्मक प्रतिउत्तर न मिलने पर उनका नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया है। जिसके आधार पर भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार को निर्विरोध निर्वाचित किया गया है।
वहीं, निकाय के सात वार्डों में सदस्य के पदों पर चुनाव प्रक्रिया कराई जाएगी। जिसमें वार्ड नंबर एक किनवानी से कांग्रेस से रजनी, भाजपा से ममता व उक्रांद से कल्पना, वार्ड नंबर दो वंदेमातरम से कांग्रेस से आभा पंवार व भाजपा से प्रकाश चंद, वार्ड नबंर तीन बाजार लाइन से निर्दलीय अरविंद व भाजपा से सचिन सिंह भंडारी, वार्ड नंबर चार सिविल लाइन से कांग्रेस से रवि व भाजपा से शैला गुसाईं, वार्ड नंबर पांच सुमन चिकित्सालय परिसर से कांग्रेस से रजनी व भाजपा से पुष्पा राणा, वार्ड नंबर छह बकरियाणा से कांग्रेस से रेखा देवी व भाजपा से विनिता और वार्ड नंबर सात क्लर्क क्वाटर से भाजपा से साकेत बिजल्वाण व कांग्रेस से जितेंद्र के बीच चुनाव होगा।
जबकि वार्ड नंबर तीन से कांग्रेस के मनवीर सिंह का नामांकन निरस्त हुआ है और वार्ड नंबर पांच से निर्दलीय आशा देवी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के नरेंद्रनगर, गढ़ीनेगी और पाटी में निकाय चुनाव का ऐलान, 9 जून को होगा मतदान
