उत्तराखंड के नरेंद्रनगर, गढ़ीनेगी और पाटी में निकाय चुनाव का ऐलान, 9 जून को होगा मतदान
उत्तराखंड के नरेंद्रनगर, गढ़ीनेगी और पाटी नगर निकायों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। इन क्षेत्रों में ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर और नगर पंचायत गढ़ीनेगी व पाटी के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार तीनों नगर निकायों में चुनाव की प्रक्रिया 27 मई को नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ होगी।
नौ जून को मतदान होगा और 11 जून को मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
प्रदेश में 23 जनवरी, 2025 को 97 नगर निकायों के चुनाव हुए थे। तब टिहरी जिले के अंतर्गत नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के लिए वार्ड परिसीमन व पदों का आरक्षण नहीं हो पाया था।
इसके अलावा नवगठित नगर पंचायत गढ़ीनेगी (ऊधम सिंह नगर) व पाटी (चंपावत) में भी यह प्रक्रिया नहीं हो पाई थी। तीनों निकायों में आरक्षण व परिसीमन का प्रस्ताव मिलने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने तीनों निकायों में मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कराया।
अब इनके चुनाव का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
मंगलवार को संबंधित जिलों के जिलाधिकारी चुनाव के संबंध में सूचना जारी करेंगे। तीन निकायों के चुनाव के बाद निर्वाचित निकायों की संख्या 97 से बढ़कर 100 हो जाएगी।
तीनों निकायों के चुनाव का कार्यक्रम
- 27 से 29 मई : नामांकन पत्र होंगे दाखिल (सुबह 10 से शाम पांच बजे तक)
- 30 मई : नामांकन पत्रों की जांच (सुबह 10 बजे से)
- 31 मई : नाम वापसी (सुबह 10 से अपराह्न तीन बजे तक)
- एक जून : चुनाव चिह्न आवंटन (सुबह 10 बजे से)
- नौ जून : मतदान (सुबह आठ से शाम पांच बजे तक)
- 11 जून : मतगणना (सुबह आठ बजे से)
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में नितिन नवीन का दौरा: युवा, बूथ और कार्यकर्ता पर भाजपा का फोकस
