नगरासू गुरुद्वारे की छत पर 3 दिन से डटे हैं निहंग: विवाद के समाधान में देरी से बढ़ी चिंताएं
नगरासू गुरुद्वारे में तीन दिनों से निहंगों के डटे रहने से विवाद गहरा गया है, जिससे चारधाम यात्रा और स्थानीय शांति पर चिंताएं बढ़ गई हैं। ...और पढ़ें

नगरासू स्थित गुरुद्वारे की पांचवीं मंजिल पर बैठे हैं निहंग। जागरण
HighLights
नगरासू गुरुद्वारे में निहंगों का तीन दिन से गतिरोध जारी
चारधाम यात्रा और स्थानीय शांति पर गहराया संकट
प्रशासन समाधान हेतु प्रयासरत, अफवाहों से बचने की अपील
बृजेश भट्ट, रुद्रप्रयाग। नगरासू स्थित गुरुद्वारे की चौथी मंजिल और छत पर तीन दिनों से डटे निहंगों से जुड़ा विवाद अभी तक नहीं सुलझ पाया है। ऐसे में चारधाम यात्रा के बीच बनी इस स्थिति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते विवाद का समाधान न होने पर आने वाले दिनों में हालात और अधिक संवेदनशील हो सकते हैं।
16 जून को कर्णप्रयाग में हुई घटना के बाद से क्षेत्र में पहले ही माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। उस पर नगरासू में उपजे विवाद ने स्थानीय लोगों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
प्रशासन ने गुरुद्वारा परिसर में भारी पुलिस बल और आइटीबीपी के जवान तैनात किए हैं, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बावजूद स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, छत पर मौजूद निहंग लगातार यह दावा कर रहे हैं कि आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में अन्य निहंग भी क्षेत्र में पहुंचकर कर्णप्रयाग की घटना के विरोध में प्रदर्शन कर सकते हैं।
इन दावों और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही विभिन्न सूचनाओं ने क्षेत्र में असमंजस और आशंका का माहौल बना दिया है। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर इस मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कुछ मंचों पर उत्तराखंड और पंजाब के लोगों के बीच तीखी टिप्पणियां भी देखने को मिल रही हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल रोक लगाया जाना जरूरी है। स्थानीय निवासी गौरव चौधरी का कहना है कि नगरासू क्षेत्र पूर्व में भी संवेदनशील रहा है।
उन्होंने वर्ष 2007 की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान हालात को गंभीरता से लेने की जरूरत है। उनका कहना है कि गुरुद्वारे की छत पर तलवार लहराने और पथराव जैसी घटनाओं से स्थानीय लोग भयभीत हैं।
वहीं, गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रबंधक बेहंत सिंह ने भी प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की मांग की है।
उनका कहना है कि गुरुद्वारा वर्षों से यात्रियों और श्रद्धालुओं की सेवा करता आया है और मौजूदा घटनाक्रम से धार्मिक स्थल की गरिमा प्रभावित हुई है।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।