Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड के कर्णप्रयाग में निहंगों का तांडव: मामूली विवाद में लोगों पर तलवारों से हमला, 5 घायल

    Updated: Tue, 16 Jun 2026 03:38 PM (IST)

    कर्णप्रयाग में हेमकुंड यात्रा पर जा रहे निहंगों का पार्किंग विवाद में स्थानीय होटल संचालक से झगड़ा हो गया। निहंगों ने तलवारों से हमला कर चार लोगों को ...और पढ़ें

    HighLights

    1. पार्किंग विवाद में निहंगों ने तलवारों से हमला किया

    2. हमले में चार स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल हुए

    3. गुस्साई भीड़ ने ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग तीन घंटे जाम किया

    संवाद सहयोगी, कर्णप्रयाग (चमोली)। ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर कर्णप्रयाग में भारतीय स्टेट बैंक के समीप हेमकुंड यात्रा पर जा रहे चार निहंगों का वाहन पार्किंग को लेकर स्थानीय होटल संचालक से विवाद हो गया।

    विवाद इस कदर बढ़ गया कि निहंगों ने तलवारें निकाल लीं। इस पर स्थानीय लोग भी वहां पहुंच गए और विरोध किया।

    इसके बाद निहंगों ने स्थानीय लोगों पर तलवारों से हमला कर दिया। इससे चार लोग लहूलुहान हो गए। इसके बाद तीन निहंग बाइकों से गौचर की ओर भाग गए, जबकि एक निहंग भी जख्मी होने के कारण छूट गया।

    निहंगों के हमले से गुस्साई भीड़ ने राजमार्ग पर वाहनों को रोक कर जाम लगा दिया। इससे करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम रहा। जाम के चलते गौचर से लेकर नंदप्रयाग तक करीब 25 किमी के एरिया में जाम लगा रहा।

    जानकारी के अनुसार नगर में बदरीनाथ राजमार्ग पर स्थित एसबीआइ शाखा के पास सुबह साढ़े नौ बजे रावत होटल के संचालक प्रकाश रावत (26) पुत्र राजेन्द्र सिंह दोपहिया वाहन से अपने होटल के सामने पहुंचे।

    वहां वाहन पार्क करते समय पहले से खड़े चार निहंगों के वाहन से उनका दोपहिया वाहन छू गया। इस पर निहंग उनसे दुर्व्यवहार करने लगे। दोनों में विवाद होता देख वहां आसपास के लोग एकत्र हो गए।

    इस पर निहंगों ने तलवारें निकाल लीं। लोगों ने तलवारें निकालने का विरोध किया तो निहंगों ने तलवारों से स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया। इसमें प्रकाश रावत बुरी तरह से लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए।

    स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आक्रामक अंदाज में तलवार लहराते निहंग बेखौफ राजमार्ग पर विरोध करने वाले स्थानीय लोगों पर वार करते रहे।

    इस दौरान तीन लोग गजपाल सिंह (50) पुत्र बहादुर सिंह निवासी नैनीसैंण कंडारा, सुदर्शन कंडारी (55) पुत्र भजन सिंह कंडारी नैनीसैंण कंडारा और हरेन्द्र सिंह पंवार (42) पुत्र चंद्र सिंह पंवार बीच-बचाव और निहंगों के साथ हुई झड़प में घायल हो गए।

    उन्हें स्थानीय लोग उप जिला चिकित्सालय ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल प्रकाश रावत को हेली सेवा से देहरादून रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

    वहीं एक निहंग मनप्रीत सिंह (21) पुत्र सोमराज निवासी मोहाली, पंजाब भी पैर में चोट लगने से घायल हो गया। उसका पुलिस की निगरानी में उपजिला चिकित्सालय में उपचार कराया गया। हालांकि बाद में उसे भी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

    निहंगों द्वारा तलवार से स्थानीय लोगों पर हमले की सूचना मिलते ही नगर के व्यापारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी सड़क पर उतर गए और राजमार्ग जाम कर दिया। इस दौरान हेमकुंड साहिब की यात्रा पर बाइकों से डंडे और हथियारों के साथ यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों के साथ उनकी झड़प भी हुई।

    खबरें और भी

    कोतवाली कर्णप्रयाग प्रभारी विनोद थपलियाल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और राजमार्ग जाम करने वालों को शांत कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन गुस्साए लोगों ने कहना था कि जब से हेमकुंड यात्रा शुरू हुई है, पहाड़ में सिखों द्वारा अकारण लोगों के साथ मारपीट की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।

    यह लोग तलवार, कृपाण और डंडे लेकर यात्रा करते हैं। राजमार्ग जाम के कारण गौचर से लेकर नंदप्रयाग तक करीब 25 किमी क्षेत्र में वाहनों का जाम लग गया।

    वहीं प्रदर्शन और राजमार्ग पर जाम की सूचना पर जिलाधिकारी गौरव कुमार और एसपी मौके पर पहुंचे और जिला पंचायत सदस्य विक्रम सिंह कठैत सहित व्यापार संघ प्रतिनिधियों से वार्ता कर जानकारी ली।

    जनप्रतिनिधियों ने मांग रखी कि तीर्थस्थलों और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर हथियारों के साथ यात्रा करने पर रोक लगनी चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस संबंध में सचिव स्तर तक मांगों को पहुंचा दिया गया है और मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी साथ ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद लोगों ने जाम खोला।

    वैकल्पिक रास्ते के इस्तेमाल पर पंचपुलिया में लगाया जाम

    पुलिस चौकी के सामने एक घंटे तक बदरीनाथ राजमार्ग पर वाहनों का जाम लगाने के बाद जैसे ही प्रदर्शनकारियों को भनक लगी कि वैकल्पिक रास्ते पोखरी से सिवाई होते हुए चमोली के लिए वाहन गुजारे जा रहे हैं तो सभी नगर की प्रवेश सीमा पंचपुलिया में पहुंच गए।

    वहां लिंक और राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि जब तक जिला प्रशासन सुरक्षा के मद्देनजर स्पष्ट जानकारी नहीं देता जाम नहीं खुलेगा।

    यह भी पढ़ें- चमोली होटल विवाद: 10 यात्रियों ने खाई 2 थाली, पैसे मांगने पर दिखाई पिस्टल

    यह भी पढ़ें- चमोली: चोरी की बाइक से बदरीनाथ पहुंचा किशोर, तेल खत्म होने पर दूसरी चुराई; पुलिस ने किया गिरफ्तार