मणिपुर उग्रवादी हमला: आज पहुंचेगा उत्तराखंड के बलिदानी बलवंत सिंह खेतवाल का पार्थिव शरीर, पसरा मातम
मणिपुर में उग्रवादी हमले में शहीद हुए असम राइफल्स के वारंट अधिकारी बलवंत सिंह खेतवाल के मोटाहल्दू स्थित आवास पर मातम पसरा है। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लालकुआं। मणिपुर के उखरूल जिले में उग्रवादियों के घात लगाकर किए गए हमले में बलिदान हुए असम राइफल्स के वारंट अधिकारी बलवंत सिंह खेतवाल के मोटाहल्दू स्थित आवास पर मातम पसरा हुआ है।
शहादत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन और क्षेत्रवासी वीर सपूत के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं।
बलवंत सिंह खेतवाल मूल रूप से बागेश्वर जिले के टूपेड वन डूंगरा गांव के निवासी थे। उनके पिता का नाम गोपाल सिंह खेतवाल है।
वारंट अधिकारी के पद पर थे तैनात
वर्ष 1991 में उनकी भर्ती असम राइफल्स में हुई थी और वर्तमान में वह 40वीं बटालियन में वारंट अधिकारी के पद पर तैनात थे। वह छह भाइयों में पांचवें नंबर के थे। करीब दस वर्ष पूर्व उन्होंने मोटाहल्दू के बकुलिया गांव स्थित अंबिका विहार, लाइन नंबर छह में अपना मकान बनाया था और परिवार के साथ यहीं रह रहे थे।
शहीद अपने पीछे पत्नी संगीता, दो पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी पुत्री का विवाह हो चुका है, जबकि दूसरी पुत्री देहरादून में पढ़ाई कर रही है। उनका पुत्र कक्षा 10 का छात्र है।
परिजनों के अनुसार, शहीद का पार्थिव शरीर गुरुवार प्रातः मोटाहल्दू पहुंचने की संभावना है। इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए क्षेत्रवासियों में गहरा भावनात्मक माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के अंतिम यात्रा में शामिल होने की उम्मीद है।