ठेले पर खड़े होकर एमबीबीएस इंटर्न छात्रों ने बेचे राजमा-चावल, उत्तराखंड के हल्द्वानी में अनोखा प्रोटेस्ट
हल्द्वानी में एमबीबीएस इंटर्न अपनी स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, विरोध में राजमा-चावल बेच रहे हैं।

इंटर्नों ने ठेला लगाकर राजमा-चावल बेचे और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश की। अजय कुमार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। एमबीबीएस की इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाली स्टाइपेंड को बढ़ाने की मांग पर राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के 134 इंटर्न छात्र अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। मंगलवार को हड़ताल के दूसरे दिन कुछ छात्रों ने रामपुर रोड स्थित एक ठेले पर राजमा-चावल बेचकर अपना विरोध दिखाया। कहा कि स्टाइपेंड इतनी कम है कि खर्च निकालने के लिए ठेला लगाना पड़ेगा। वहीं, शाम को इंटर्न छात्रों ने रैली निकाली।
सुशीला तिवारी अस्पताल के मुख्य गेट पर हड़ताल पर बैठे
स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर एमबीबीएस इंटर्न छात्र डाक्टर सुशीला तिवारी अस्पताल के मुख्य गेट पर हड़ताल पर बैठे हैं। इंटर्न डाक्टरों की कमी से ओपीडी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इस दौरान यह छात्र अपनी 17 हजार रुपये की कम स्टाइपेंड को बढ़ाने के लिए अलग-अलग तरह से विरोध जता रहे हैं।
यह भी पढ़ें- सुशीला तिवारी अस्पताल के हाल: सुबह आठ बजे आए मरीज, चार-चार घंटे बाद भी नहीं आया नंबर
कभी यह आटो चला रहे हैं, तो कभी राजमा चावल के ठेले पर खड़े होकर सामान बेच रहे हैं। हड़ताल पर बैठे इंटर्न छात्रों की मांग है कि उनकी स्टाइपेंड बढ़ाकर 30 हजार रुपये की जाए। ऐसा न होने पर सभी ने हड़ताल पर बैठे रहने की बात कही है। इस क्रम में मंगलवार को इंटर्न छात्रों ने विरोध प्रदर्शन के रूप में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर रैली निकाली। इस दौरान राजकीय मेडिकल कालेज हल्द्वानी के बरेली रोड गेट से मंगल पड़ाव होते हुए एसटीएच तक यह रैली निकाली गई। जिसमें सभी ने स्टाइपेंड बढ़ाने के पोस्टर हाथ में लिए थे।
पीजी डाक्टर भी आज से ओपीडी के बाद बैठेंगे धरने पर
हल्द्वानी : डाक्टर सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में अब पीजी डाक्टर आंदोलन पर जाने को तैयार हैं। एमबीबीएस इंटर्न के बाद अब पीजी डाक्टर बुधवार से हड़ताल पर बैठने जा रहे हैं। वर्तमान में राजकीय मेडिकल कालेज हल्द्वानी में 150 से अधिक पीजी डाक्टर तैनात हैं।
रेजीडेंट डाक्टर्स संगठन हल्द्वानी के अध्यक्ष डाक्टर राजदीप बिंद्रा ने बताया कि वर्तमान में उन्हें 62 हजार रुपये स्टाइपेंड मिलता है, जबकि उनकी मांग उत्तर प्रदेश की तरह इसे एक लाख 10 हजार रुपये करने की है। बताया कि पीजी डाक्टर ओपीडी का काम निपटाने के बाद शाम छह बजे तक धरने पर रहेंगे।
