हरिद्वार में तेज बारिश के बीच कांवड़ यात्रियों की वापसी, जलभराव में कई जगह फंसे वाहन
हरिद्वार में तेज बारिश और जलभराव ने कांवड़ यात्रियों की वापसी को मुश्किल बना दिया है, जिससे कई वाहन फंस गए। पुलिस प्रशासन यात्रियों की सुरक्षित वापसी ...और पढ़ें

तेज बारिश के बीच कांवड़ यात्रियों की वापसी।
HighLights
तेज बारिश से हरिद्वार में कांवड़ यात्रियों की वापसी प्रभावित।
जलभराव के कारण कई कांवड़ वाहन फंसे, यातायात बाधित।
पुलिस प्रशासन यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने में जुटा।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। धर्मनगरी में मौसम ने सोमवार को कांवड़ यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी है। सुबह से हो रही तेज वर्षा के बीच हरिद्वार से कांवड़ यात्रियों की वापसी का सिलसिला लगातार जारी रहा। कई जगहों पर कांवड़ यात्रियों के वाहन जलभराव में फंस गए। अधिकांश पार्किंग स्थल भी जलमग्न हैं। जिससे कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित वापसी पुलिस प्रशासन के लिए नई चुनौती बन गई।
खराब मौसम के बावजूद शिव भक्तों के हरिद्वार पहुंचने और गंगा जल लेकर लौटने का सिलसिला जारी है। हाईवे पर हरिद्वार से लौटने वाले डाक कांवड़ यात्रियों और बाइकर्स कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ बनी रही। एक तरफ तेज वर्षा और दूसरी तरफ कांवड़ वाहनों का लगातार दबाव, ऐसे में पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालने के साथ यात्रियों की सुरक्षा में भी जुटे रहे।
सोमवार की सुबह जल भराव वाले स्थान पर पुलिसकर्मियों की नए सिरे से ड्युटियां लगाई गई हैं। हालांकि हरिद्वार आने वाले कांवड़ यात्रियों की संख्या में अब कुछ कमी आई है, लेकिन लौटने वाले यात्रियों का सिलसिला अभी थमा नहीं है। लगातार वर्षा के कारण हरकी पैड़ी क्षेत्र के निचले बाजारों में जलभराव हो गया।
कई जगह सड़कें पानी से लबालब नजर आईं। इससे स्थानीय लोगों के साथ कांवड़ यात्रियों को भी आवागमन में परेशानी हुई। वहीं मध्य हरिद्वार में भगत सिंह चौक स्थित अंडरपास के नीचे पानी भर जाने से कांवड़ यात्रियों के कई वाहन फंस गए। पानी अधिक होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
खबरें और भी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने खुद मेला क्षेत्र में घूमकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों, कांवड़ यात्रियों की आवाजाही वाले मार्गों और हाइवे की यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया।
संवेदनशील और खतरे वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस की नजर अब कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित वापसी पर है। वर्षा, जलभराव और हाइवे पर लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच पुलिसकर्मी जगह-जगह मोर्चा संभाले हुए हैं, ताकि आस्था के इस सफर में कोई अप्रिय घटना न हो।