हरिद्वार में आयुर्वेद गुरुकुल का उद्घाटन, रामदेव बोले- 'एलोपैथी की अपनी सीमाएं, पांच लाख लोगों को रोजगार दे रहा पतंजलि'
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुल का उद्घाटन किया, जो शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल है।
HighLights
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुकुल का उद्घाटन किया
यह पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुल हरिद्वार में स्थित है
शिक्षा के क्षेत्र में यह एक नई पहल है
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में पतंजति आयुर्वेद गुरुकुल का उद्घाटन किया। पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम के उद्घाटन अवसर पर कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वामी रामदेव की प्रेरणा से योग घर-घर पहुंचा है और पूरी दुनिया में लोगों को स्वस्थ बनाने का काम हुआ है।
इसी प्रकार आचार्य बालकृष्ण ने आयुर्वेद के क्षेत्र में कई जड़ी-बूटियों की खोज की है और आयुर्वेद के अनेक ग्रंथ लिखे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार जब आचार्य बालकृष्ण हिमालय में जड़ी-बूटियों की खोज के लिए गए, तब उनके साथ वहां रहने का अवसर उन्हें भी मिला।
ऋषि-मुनियों के ज्ञान को आधुनिक युग से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जब भी वे हरिद्वार आते हैं तो यहां आकर अलग प्रकार की ऊर्जा स्वतः प्राप्त होती है। यह सामान्य स्थान नहीं, बल्कि हरि का द्वार और मां गंगा की पावन भूमि है। और यहां पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम की शुरुआत हमारे ऋषि-मुनियों के ज्ञान को आधुनिक युग से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में स्वामी रामदेव ने कहा कि एलोपैथी की अपनी सीमाएं हैं। माडर्न साइंस में लीवर फेलियर के उपचार को लेकर चुनौतियां हैं, जबकि पतंजलि ने इसके लिए आयुर्वेदिक दवाएं विकसित की हैं। उन्होंने दावा किया कि इनसे लाखों लोगों को लाभ मिला है और कई लोगों को लीवर तथा किडनी प्रत्यारोपण की आवश्यकता से बचाने में मदद मिली है।
पतंजलि की रनिंग कास्ट पांच हजार करोड़
स्वामी रामदेव ने कहा कि एलन मस्क आसमान में दुनिया बसाने के सपने देख सकता है, एलन मस्क ने एआइ के क्षेत्र में बड़ी सफलता प्राप्त की है, जबकि हम एआइ को साध ही रहे हैं लेकिन आरआइ (रियल इंटेलिजेंस) और एसआइ (स्पिरिचुअल इंटेलिजेंस) के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पतंजलि की रनिंग कास्ट पांच हजार करोड़ रुपये है। कुछ लोग आलोचना करते रहते हैं, लेकिन पतंजलि पांच लाख लोगों को रोजगार दे रहा है और इससे लाखों परिवारों के घरों में खुशियां हैं।
