Ankita Murder Case: पुलिस को छकाने के बाद पुराने तेवर, पूरी तैयारी के साथ लौटी उर्मिला
पुलिस को चकमा देने के बाद उर्मिला सनावर पूरी तैयारी के साथ सामने आईं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी आरोपी के जल्द सलाखों के पीछे होने का ...और पढ़ें

उर्मिला का दावा, सलाखों के पीछे होगा वीआइपी। फाइल
HighLights
उर्मिला सनावर पुलिस को चकमा देकर पूरी तैयारी से लौटीं
अंकिता हत्याकांड में वीआईपी आरोपी को जेल भेजने का दावा
बिकने के आरोपों पर नाराजगी जताई, ऑडियो क्लिप स्पष्ट किया
मेहताब आलम, हरिद्वार। पांच मुकदमों में सहारनपुर से चंडीगढ़ तक ताबड़तोड़ दबिशों के बावजूद उर्मिला सनावर ने देहरादून व हरिद्वार पुलिस और एसटीएफ को 10 दिन तक खूब छकाया। फिर नाटकीय घटनाक्रम के तहत लीगल टीम को साथ लेकर अचानक सामने आई तो पुराने तेवर और पूरी तैयारी के साथ। उर्मिला ने पहले एसआइटी और फिर मीडिया के सवालों का पूरे आत्मविश्वास से जवाब दिया। इसके बाद फेसबुक पर भी वीडियो और बयान पोस्ट किया। बिकने के आरोप पर गुस्सा दिखाते हुए उर्मिला ने दावा किया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड का वीआइपी आरोपित जल्द सलाखों के पीछे होगा।
गैर जमानती वारंट के बावजूद गिरफ्तारी नहीं
उर्मिला सनावर पहले वारंट को रिकाल कराने के लिए अपनी लीगल टीम के साथ रोशनाबाद कोर्ट पहुंची, लेकिन कोर्ट में न्यायिक कार्य स्थगित होने के चलते वापस लौटना पड़ा। इसके बाद वह एसओजी कार्यालय पहुंची। गैर जमानती वारंट होने के बावजूद पुलिस ने उर्मिला को गिरफ्तार क्यों नहीं किया, इस बारे में अधिकारियों का कहना था कि जांच में सहयोग न करने पर विवेचक के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किए थे। उर्मिला जांच में सहयोग देने के लिए एसआइटी के सामने पेश हो गई है, ऐसी स्थिति में विवेचक इस तथ्य से कोर्ट को अवगत करा सकता है।
दर्शन भारती के दावों की निकाली हवा
उर्मिला की अचानक वापसी के बाद सुरेश राठौर से बातचीत की एक और आडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आई थी। जिसमें वह रोते हुए नजर आ रही थी। इस आडियो क्लिप का हवाला देते हुए स्वामी दर्शन भारती ने यह दावा किया था कि सुरेश राठौर ने उर्मिला पर दुष्यंत गौतम का नाम लेने का दबाव बनाया है। यदि सुरेश राठौर दबाव न बनाते तो उर्मिला किसी भाजपा का नाम न लेती और न यह पूरा बवाल होता। इस आडियो क्लिप को उर्मिला ने पुराना बताया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि आडियो क्लिप में भाजपा नेताओं की भूमिका को लेकर बातचीत अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर नहीं, बल्कि उसकी सुरेश राठौर से शादी को लेकर है।
गुरुद्वारे और रैन बसेरों में गुजारा नया साल
उर्मिला सनावर ने कहा कि जो लोग बिकने के आरोप लगा रहे हैं, वह ये जान लें कि हत्या का षड़यंत्र रचे जाने पर भी वह नहीं झुकी। फेसबुक पर पहला लाइव होने के कुछ घंटों बाद ही पुलिस टीम सहारनपुर में उनके घर पहुंच गई थी। पुलिस की दबिशों के चलते 29 दिसंबर को चंडीगढ़ में शूटिंग से भागना पड़ा। उर्मिला ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें गुरुद्वारों और रैन बसेरों में नया साल बिताना पड़ा।